मसूरी:- हरेला पर्व पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी वन प्रभाग के वृक्षारोपण कार्यक्रम में सामाजिक संस्था रोबुस्ट वर्ल्ड के अध्यक्ष शुभ विश्नोई को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मालदेवता में मसूरी वन प्रभाग के तत्वाधान में वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, वन मंत्री सुबोध उनियाल, क्षेत्रीय विधायक उमेश कुमार काउ, सहित वन विभाग के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में मसूरी के युवा समाजसेवी व रोबुस्ट संस्था के अध्यक्ष शुभ विश्नोई को उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए सर्मिर्पत भावना से कार्य करने व वृक्षारोपण कि लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य मंत्री के हाथों सम्मानित होने पर शुभ विश्नोई ने कहा कि उनके द्वारा लगातार पर्यावरण संरक्षण व वृक्षारोपण के लिए किए जा रहे कार्य व स्कूलों में जाकर छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक व प्रोत्साहित करने के प्रसासों से यह सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि अब उनकी और अधिक जिम्मेदारी बढ गई है व प्रयास रहेगा कि आगे भी पूरे जुनून के साथ पर्यावरण संरक्षण व धरती को हरा भरा बनाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेंगे। इस मौके पर वनसंरक्षक कहकशां नसीम, मसूरी वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर, मसूरी रेंज अधिकारी शिव प्रसाद गैरोला सहित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

