शहर के नलों से गंदा पानी आने से लोग परेशान, बीमारी बढ़ने की आशंका।

मसूरी :- लंढौर बाजार सहित लक्ष्मण पुरी में इन दिनों नलों में गंदा पानी आने से लोग परेशान हैं, लोगो का कहना है कि गंदा पानी आने से बीमारियों का खतरा बढ गया है लेकिन जल संस्थान इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है व लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है।
स्थानीय निवासी दीपक सक्सेना ने कहा कि उनके घर के नल में विगत कई दिनों से मटमैला गंदा पानी आ रहा है जिस कारण इसका उपयोग पीने के लिए नहीं किया जा सकता इससे बीमारी होने का खतरा बढ गया है व घर में पीने के लिए पानी बाजार से खरीद कर लाना पड़ रहा है। लेकिन जल संस्थान को शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना का पानी जनता को सप्लाई किया जा रहा है लेकिन यह गंदा होने से खतरा पैदा कर रहा है। वहीं स्थानीय निवास आशीष भटट ने कहा कि इस क्षेत्र में गंदा पानी आने से लोग स्वयं पानी में फिटकरी डाल कर उसको साफ करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन जल संस्थान इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस संबंध में जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत का कहना है कि पानी की नई लाइन बिछी है हो सकता है उसमें मिटटी रही होगी लेकिन जब सूचना मिली तो यमुना का पानी खाली करवा दिया गया है व नया पानी दिया जायेगा उसके बाद उसे चैक किया जायेगा ताकि जनता को साफ पानी मिल सके।