मसूरी:- भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर शहर कांग्रेस ने मालरोड स्थित एक्वेरियम में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।
शहर कांग्रेस के द्वारा आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम में प. जवाहर लाल नेहरू को उनकी पुण्य तिथि पर याद किया। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने पं. नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के आजाद होने पर पहले प्रधानमंत्री बने लेकिन उस समय देश कठिन दौर से गुजर रहा था, लेकिन उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए देश में उद्योग स्थापित किए व उन्हें औद्योगिक क्रांति का जनक माना गया। उन्होंने हर क्षेत्र के देश के विकास की नींव रखी व महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने भारत के विकास में अहम भूमिका निभाई और आज उनकी ही दूरदर्शिता का नतीजा है कि भारत विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाये हुए हैं। उन्होंने बताया कि प. नेहरू को मसूरी से बहुत लगाव था व वह कई बार मसूरी आये व प्रधानमंत्री बनने के बाद भी वह मसूरी आये। आखिर बार व अपनी मृत्यु से पहले भी मसूरी आये थे व यहां से जाने के एक दिन बाद ही उनकी मृत्यु हो गयी थी। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र कैंतुरा, पूर्व सभासद अरविंद सोनकर, भूपेंद्र मल्ल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

