मसूरी :- संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार और जन-जन तक संस्कृत भाषा को पहुंचने के उद्देश्य से श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय ने बारिश के बावजूद जन जागरूकता रैली निकाली। जो गुरूद्वारा चौक, लंढौर चौक, लंढौर बाजार, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चौक, मालरोड, शहीद स्थल होते हुए गांधी चौक तक गयी।
संस्कृत जन जागरूकता रैली में संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों के साथ ही शहर के विभिन्न विद्यालयों सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कालेज, महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया व प्रदेश की दूसरी भाषा संस्कृत के समर्थन में नारेबाजी की व हाथों में संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार की तख्तियां लिए थे। श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय में संस्कृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जो एक सप्ताह तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही वाद विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें सभी कार्यक्रम संस्कृत भाषा में होंगे। इस मौके पर श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय के अध्यक्ष उपेंद्र पंवार ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा हर वर्ष संस्कृत महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जो पूरे सप्ताह चलता है। उन्होंने बताया कि संस्कृत भाषा सभी भाषाओं की जननी है, लेकिन आज लोग पाश्चात्य संस्कृति को अपना रहे हैं उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा के प्रचार के लिए महाविद्यालय द्वारा हर संभव प्रयास किए जाते हैं। रैली में संस्कृत महाविद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाक्षी चौहान, उपेंद्र पंवार, कविता नेगी, भरत सिंह चौहान, धनप्रकाश अग्रवाल सहित शिक्षक व विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राएं मौजूद रहे।

रोटरी क्लब मसूरी ने संस्कृत सप्ताह के तहत निकाली गयी रैली का स्वागत किया व रैली में शामिल छात्र छात्राओं को भोजन कराया। इस मौके पर रोटरी अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, सचिव योगिता गोयल, पूर्व मंडलाध्यक्ष रणवीर सिंह, अशोक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, वैभव तायल आदि मौजूद रहे

