मसूरी। जनगणना कार्य 2027 के लिए ओकग्रोव स्कूल के नामित कर्मचारियों के एचएलबी आबंटित करने तथा तीन दिवसीय प्रस्तावित प्रशिक्षण के लिए अनुपस्थित रहने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उपखण्ड जनगणना अधिकारी राहुल आनंद द्वारा ओकग्रोव स्कूल, झड़ीपानी के प्रधानाचार्य नरेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और चौबीस घंटे में उनसे नोटिस का जवाब तलब किया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि ओकग्रोव स्कूल में कार्यरत अध्यापक/अध्यापिकाओं को 06 अप्रेल 2026 को अपरान्ह 02.00 बजे एचएलबी आबंटित करने एवं प्रगणक व सुपरवाइजर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए 07 अप्रेल से संपादित करने के लिए नगर पालिका सभागार में उपस्थित होने को निर्देशित किया गया था, लेकिन 09 अप्रेल तक चार दिनों के अंतराल के बाद भी ओकग्रोव स्कल से कोई अध्यापक या अध्यापिका उपस्थित नहीं हुए जो स्पष्ट रूप से जनगणना अधिनियम 1948 द्वारा प्रदत्त निर्देशों की अवहेलना है, जिस कारण से जनगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण व समयबद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम में अनावश्यक एवं अनुचित विलंब हुआ है जिस पर उच्चाधिकारियों द्वारा सख्त नाराजगी व्यक्त की गयी है। उपखण्ड जनगणना अधिकारी राहुल आनंद द्वारा ओकग्रोव स्कूल के प्रधानाचार्य नरेश कुमार को संबोधित नोटिस में अगले चौबीस घंटे के भीतर यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि क्यों न उक्त सुविचारित अवज्ञा के लिए आपके विरूद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 222 एवं 223 के अंतर्गत अपराधिक मुकदमा दर्ज कर दाण्डिक कार्रवाई प्रारंभ की जाये।

