मसूरी। नगर पालिका द्वारा संचालित गोल्फकार्ट को बंद किए जाने से बेरोजगार हुए संचालक मजदूरों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
मजदूर संघ ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका ने गोल्फकार्ट बंद कर दी है, जिसके कारण संचालकों पर रोज़ी रोटी का संकट गहरा गया है। मांग की गयी कि गोल्फकार्ट को अस्थाई पंजीकरण करवाकर संचालित किया जाय व शीघ्र 121 साइकिल रिक्शा संचालको को पुनर्वासित किया जाय। ज्ञापन में कहा गया है कि 14 दिसंबर 2024को प्रशासन ने 121 रिक्शा श्रमिकों के पूनर्वास के लिए जो रिपोर्ट तैयार की थी, बिंदुवार उसी एजेंडे पर जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन स्तर पर पुनः समीक्षा बैठक की जाय जिसमें केवल लाइसेंस धारी रिक्शा श्रमिकों को बुलाया जाय जिनको योजना का लाभ न मिला हो व वे केवल रिक्शा संचालन पर निर्भर हो। ज्ञापन में मांग की गयी कि बेरोजगार हुए गोल्फ कार्ट संचालकों की समस्या का निदान एक सप्ताह में किया जाय अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता तो बेरोजगार गोल्फकार्ट संचालक परिवार सहित नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के कार्यालय के बाहर धरना देंगे। ज्ञापन में कहा गया कि गोल्फकार्ट संचालको ने बेरोजगार होने पर पालिका, विधायक, शासन प्रशासन सभी को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है, जबकि गोल्फकार्ट संचालन को बंद किए चार माह हो चुके है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बेकरी हिल कार पार्किंग पूर्व की भांति मजदूर संघ को दी जाय जो कि रिक्शा उन्मूलन के तहत विस्थापित करने के लिए 1996 में दी गयी थी ताकि रिक्शा श्रमिकों की आर्थिकी को मजबूत किया जा सके। अगर श्रमिकों की समस्या का समाधान नहीं होगा तो पालिका के खिलाफ आंदोलन किया जायेगा। ज्ञापन देने वालों में गोल्फकार्ट संचाालक रणजीत सिंह, विरेंद्र सिंह, दलवीर सिंह, राजेश प्रसाद, सुखदेव सिंह, दाता राम, व लुठी लाल शामिल थे।

