मसूरी:- शहर में इन दिनों आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ रही है जिसके कारण जहां पर्यटकों को परेशानी हो रही है वहीं स्थानीय नागरिक भी खासे परेशान है। लेकिन नगर पालिका परिषद की ओर से इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मालरोड सहित मसूरी के सभी क्षेत्रों लंढौर बाजार, कुलड़ी, लाइब्रेरी ,हैप्पीवैली व कंपनी बाग कहीं भी चले जाओ हर जगह आवारा पशु खासकर गो वंश व कुत्ते हर जगह मिल जायेगे जो कि आम लोगों सहित पर्यटकों के लिए खतरा बन गये हैं। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी ने बताया कि नगर पालिका का आवारा गौवंश को डोईवाला एक संस्था के साथ अनुबंध है जहां पर लगातार शहर में घूम रहे गोवंश को भेजा जा रहा है अभी तक नगर पालिका ने 85 गोवंश को वहां भेज दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका ने भी अपनी गोशाला बनाई है जिसमें साठ गौवंश रखे जा सकते हैं इसकी निविदा मांगी गई, लेकिन अभी तक इसमें कोई नहीं आया ,पालिका की ओर से अस्सी रूपया प्रति गाय रखा गया है लेकिन अभी आचार संहिता लगने के कारण इस दिशा में कोई कार्य नहीं हो पा रहा है इसके लिए आचार संहिता समाप्त होते ही कार्रवाई की जायेगी व निविदा मांगी जायेगी ताकि आवारा गौवंश को वहां रखा जा सके। इसके लिए प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा जायेगा व उसके बाद इस दिशा में कार्रवाई की जायेगी। जहां तक आवारा कुत्तो का सवाल है उसके लिए भी नगर पालिका प्रतिबद्ध है और अभी तक पालिका के आईडीएच में स्थित एबीसी सेंटर में अभी तक 1680 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मसूरी ठंडा स्थान है जिस कारण शीत काल में नसबंदी नहीं की जा सकती लेकिन अप्रैल शुरू होते ही आवारा कुत्तों को चिन्हित करते हुए नसबंदी का कार्य शुरू कर दिया जायेगा।

