एन एच 707 ए की दुर्दशा के विरोध में व्यापारियों का सांकेतिक धरना।

मसूरी:- मसूरी  ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने लाइब्रेरी बाजार में एनएच707ए किंक्रेग से जीरो प्वांइट तक रोड की दुर्दशा होने व उससे पर्यटकों व स्थानीय व्यापारियों को हो रही परेशानी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया।
लाइब्रेरी बाजार में मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर ए सोसिएशन के बैनर तले दिए गये सांकेतिक धरने में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने प्रतिभाग किया व एनएच के अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मसूरी में सड़कों की हालत खराब होने के कारण इसका प्रभाव पर्यटन व्यवसाय पर पड़ रहा है वहीं व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। विशेष कर सड़के एनएच 707ए किंक्रेग से लाइब्रेरी व वहां से जीरो प्वांइट तक जर्जर हो रखी है जिसमें आये दिन स्कूटी सवार चोटिल हो रहे हैं, व दुकानदार उड़ती धूल से परेशान हैं जिसका प्रभाव उनके व्यवसाय पर पड़ रहा है। वहीं पर्यटन पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है व मसूरी की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है जिसके कारण लोग चोटिल हो रहे हैं बच्चे गिर रहे है। वहीं विभाग न मिटटी हटा रहा न गढढे भर रहा है वहीं राजमार्ग पर टाइल लगाने की बात कर रहा है जो कि आश्चर्य जनक है कि हाईवे पर टाइल लगाने का टेंडर किया गया है। उन्होंने कहा कि जब सीजन शुरू होता है तभी निर्माण कार्य किए जाते हैं जिससे व्यवसाय प्रभावित होता है, पर्यटन प्रभावित हो रहा है व मसूरी की छवि खराब हो रही है, सीजन शुरू होने पर रोड खोदने से जाम लग रहा है। अगर विभाग ने शीघ्र सड़कों का सुधारीकरण नहीं किया तो आंदोलन किया जायेगा। एनएच विभाग बताये कि राष्ट्रीय राज मार्ग पर पहले कहीं टाइल लगी है, इसमें भ्रष्टाचार की बू आ रही है। इस मौके पर जगबीर भंडारी, शलभ गर्ग व आरएन माथुर आदि ने भी एनएच की मनमानी का विरोध किया व कहा कि उनकी मनमानी चलने नहीं देंगे व मसूरी की अर्थव्यवस्था को खराब नहीं होने देंगे। इस मौके पर एसोसिएशन के महामंत्री जगजीत कुकरेजा, वीरेंद्र कैंतुरा, नागेद्र उनियाल, जोगेदर सिंह, संपत लाल, गंभीर कैंतुरा, गुलाब कैंतुरा, केशव रावत, त्रिभुवन अग्रवाल, राजेश गोयल, अशोक अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, राधेश्याम शर्मा, रवीद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।