भीषण सड़क हादसे में कार खाई में गिरी, पांच की मौत एक गंभीर रूप से घायल।

मसूरी:-  मसूरी वाया झड़ीपानी देहरादून मार्ग पर प्रातः एक बड़ा हादसा हो गया। जिसमें मसूरी घूम कर वापस जा रही पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिसमे सवार पांच लोगों की मौत हो गई व एक घायल का देहरादून हायर सेंटर में उपचार चल रहा है।
मसूरी से घूम कर प्रात करीब साढे पांच बजे एक पर्यटक एवेडर वाहन संख्या यूके 07 बीडी 8600 चूनाखाला से करीब सौ मीटर उपर अनियंत्रित होकर 60 मीटर नीचे दूसरी रोड पर छत के बल गिर गयी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस, फायर व एसडीआरएफ के जवान आपदा उपकरण के साथ मौके पर पहुंचे व घायलों को एक घंटेे का रेस्क्यू कर निकाला, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गयी थी व तीन घायलों को 108 के माध्यम से हायर सेंटर ले जाया गया। जिसमें दो की वहां पर मौत हो गई जबकि एक युवती गंभीर घायल है व उसका उपचार किया जा रहा है। मृतकों में आईएमएस विश्वविद्यालय का छात्र अमन राणा 22 वर्ष पुत्र राजेश राणा, निवासी शंकरपुर निकट डीआईएमएस कालेज गेट सहसपुर, आईएमएसविश्वविद्यालय के छात्र दिव्यांश प्रताप भाटी 23 वर्ष पुत्र  देवेन्द्र सिंह भाटी निवासी पेटलवुड अपार्टमेंट ज्वालापुर हरिद्वार, आईएमएस विश्व विद्यालय की छात्रा तनुजा रावत 22 वर्ष पुत्री सोहन सिंह रावत, निवासी दुर्गा कालोनी रूड़की हरिद्वार, आईएमएस का छात्र आशुतोष तिवारी 23 वर्ष पुत्र वीर बहादुर तिवारी निवासी निकट थाना नागपानी रामलीला ग्राउंड पैरामाउंट एक्सपोर्ट मुरादाबाद उत्तर प्रदेश, डीआईटी विश्वविद्यालय के छात्र हृदयांश 24 पुत्र हरीशचंद्र निवासी एटीपी कालोनी अनपरा सोनभद्र उत्तर प्रदेश थे जबकि गंभीर घायल आईएमएस विश्वविद्यालय की छात्रा नयनश्री 24 वर्ष पुत्री संजय कुमार निवासी न्यू विकास एन्कलेव रोहतक रोड मेरठ है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घायलों को देहरादून अस्पताल ले जाया गया जहां पर दो लोगों ने दम तोड़ दिया वहीं मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का उपचार किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है और मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फायर अधिकारी धीरज तड़ियाल ने बताया कि घटना की सूचना साढे पांच बजे मिली जिस पर तत्काल फायर कर्मी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर तीन की मौत हो चुकी थी व तीन को हायर सेंटर भेजा गया। जिसमें दो की मौत हो गई।अभी पर्यटक सीजन शुरू भी नहीं हुआ है और सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल ब्याप्त है। सड़क किनारे पैराफिट  कहीं कहीं छतिग्रस्त हैं जिन्हें समय रहते ठीक कराना आवश्यक है।