नगर प्रशासन व नगर पालिका मालरोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलायेगी।

मसूरी:- उप जिला अधिकारी के निर्देश के बाद नगर पालिका परिषद सभागार में मालरोड पर लगातार बढ रहे अतिक्रमण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मसूरी माल रोड पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर अधिशासी अधिकारी द्वारा नगर पालिका की दो टीमों का गठन किया गया है जो माल रोड में हो रहे अतिक्रमण को हटाएंगे।
माल रोड में मिल रही अतिक्रमण की शिकायतों के बाद नायब तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी दी गई है जिसके बाद नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन द्वारा माल रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा, साथ ही दुकान स्वामियों द्वारा सड़कों पर रखे सामान के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। पर्यटन सीजन के दौरान माल रोड पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा सामान बेचा जाता है ,जिससे स्थानीय व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है साथ ही माल रोड की छवि भी धूमिल होती है। इस बारे में जानकारी देते हुए अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी ने बताया कि मालरोड पर अवैध पटरी लगाने वालों के खिलाफ शाम पांच बजे से रात्रि दस बजे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा जिससे इस समस्या से निजात मिल सके व मालरोड पर घूूम रहे पर्यटकों को हो रही परेशानियों में कुछ कमी आ सके।  उन्होंने बताया कि माल रोड में 52 लोग चिन्हित गए किए गए हैं, जो पूर्व से मालरोड पर पटरी लगाते है इसके अतिरिक्त यदि कोई माल रोड में दुकान लगाते हुए पाया गया तो उसका सामान जब्त कर लिया जाएगा। मालूम हो कि मसूरी की मालरोड अंडा- भुटटा मार्केट बन गई है विशेषकर शाम के समय तो सारी हदें पार हो जाती हैं, लोगों के द्वारा लगातार नगर पालिका व नगर प्रशासन को इस संबंध में लगातार सूचनायें दी गई है,  जिस पर संज्ञान लिया गया व एसडीएम ने नगर पालिका व नगर प्रशासन को अवैध अतिक्रमण हटाने के  निर्देश दिए गए हैं।