मसूरी:- पर्यटन नगरी में हो रही लगातार बारिश आफत बन कर आ गयी है, जिसके कारण लगातार नुकसान हो रहा है। रात से हो रहीे भारी बारिश के कारण पिक्चर पैलेस बड़े मोड़ के बीच में पुश्ता ढह गया वहीं पिक्चर पैलेस से लंढौर मार्ग पर पुश्ता ढहने से रोड का एक हिस्सा टूट गया है वहीं लगातार कई स्थानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
भारी बारिश के चलते पिक्चर पैलेस से बड़ा मोड जाने वाले मार्ग के बीच मे एक पुश्ता ढह गया व पुश्ते के पत्थर रोड तक आ गये। वहीं अभी वहां पर और पुश्ता ढहने के कगार पर है। स्थानीय निवासी अरविंद रावत ने बताया कि पुश्ता ढहने पर लोगों ने आने जाने वाले वाहनों को सतर्कता बरतने व पुश्ते की ओर न जाने को कहा ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके। वहं पिक्चर पैलेस लंढौर मार्ग पर विगत कई दिनों से रोड के गिरने का खतरा बना था जो रात की बारिश से रोड व पुश्ता ढह गया व रोड बीच में से खाली हो गयी। यहां पर भी रोड के किनारे बैरिकेट लगा कर वाहनों को सतर्कता से जाने के लिए कहा जा रहा है क्यों कि अभी रोड का और हिस्सा गिर सकता है। रोड के टूट जाने से यहां पर रोड संकरी हो गई है व एक बार में एक ही वाहन निकल पा रहा है। साथ ही भारी बारिश होने के कारण कई स्थानों पर मलवा सड़कों पर आ गया है वहीं कई घरों में पानी चूने लगा है। अगर ऐसी ही बरसात होती रही तो नुकसान होनी की संभावनाएं बढती जा रही हैं। एसडीएम डा. दीपक सैनी ने सीजेएम हैंपटन कोर्ट स्कूल रोड, क्लिफ काटेज, व लंढौर मार्ग का पालिका व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ जाकर बरसात से हुए नुकसान का जायजा लिया व संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

