मानसून सीजन में डेंगू से रोकथाम के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बैठक ली व आवश्यक निर्देश दिए।

मसूरी- नगर पालिका सभागार में डेंगू से रोकथाम एवं नियंत्रण के संबंध में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सैनी ने बैठक का आयोजन किया जिसमें मानसून सत्र के दौरान डेंगू के प्रकोप से आम जन की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग व विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर रोकथाम एवं नियंत्रण करने की तैयारियों की समीक्षा की ।
बैठक में गत वर्ष डेंगू के प्रसार एवं रोगियों की संख्या के बारे में उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस ने अवगत कराया कि मसूरी का वातावरण एवं तापमान डेंगू मच्छरों के पनपने की संभावना नहीं रहती, लेकिन बाहर से आये प्रवासियों व प्रतिदिन शहर से बाहर आने जाने  वाले व्यक्तियों में डेंगू के केस पाये गये जिनकी संख्या मात्र तीन थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डेंगू के लिए चार बेड एवं एक आईसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है जिसमें मच्छरदानी लगी है व अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में औषधियां उपलब्ध है तथा फिजिशियन की नियुक्त कीगयी हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दिया जाय, अगर कहीं जमा होता है तो उसकी तत्काल निकासी की व्यवस्था की जाय व जहां लंबे समय से पानी एकत्र है वहां पर कीटनाशक का छिडकाव समय समय पर किया जाय।डेंगू से रोकथाम के लिए समस्त विभागों केे अधीनस्तों को प्रशिक्षित किया जाय व उनके क्षेत्र आवंटित किए जाय। मसूरी के सभी तेरह वार्डों में डेगू रोकथाम एंव नियंत्रण हेतु टीमों का गठन कर लार्वाीसाइट एवं अन्य कीटनाशकों का छिडकाव कर रोग को फैलने से रोकने हेतु स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका एवं अन्य विभागों के सहयोग से टीम गठित कर प्रतिदिन निगरानी, नियंत्रण, एंव रिपोर्ट तैयार करने की कार्रवाई की जायेगी। वहीं डेंगू के लिए कंट्रोल रूम, स्थापित करने, डेंगू पनपने वाले क्षेत्रों में साफ सफाई रखने, विद्यालयों में पानी जमा न होने देने के निर्देश सहित आंगनवाडी व आशा कार्यकत्रियों को घर घर जाकर निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गये हैं। बैठक में एसडीएम डा. दीपक सैनी, सीएमएस डा. यतेंद्र सिंह, डा. प्रदीप राणा, ईओ राजेश नैथानी व राजवीर चौहान, विरेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।