मसूरी:- मसूरी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कृत्रिम लोकसभा चुनाव ने छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र के मूल्यों और प्रक्रियाओं से परिचित कराने का एक अनोखा अवसर प्रदान किया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने न केवल सांसदों की भूमिका निभाई, बल्कि राजनीतिक प्रक्रियाओं,चुनावी रणनीतियों, और संसदीय कार्यवाही का भी वास्तविक अनुभव प्राप्त किया।

इस आयोजन में विभिन्न छात्रा दलों ने राजनीतिक पार्टियों का गठन किया, जिनमें प्रत्येक पार्टी ने अपने-अपने उम्मीदवार खड़े किए। छात्राओं ने चुनाव प्रचार, जनसंपर्क, और मतदाताओं को रिझाने के लिए विविध योजनाएं बनाई। प्रत्येक पार्टी ने अपने घोषणापत्र जारी किए, जिसमें उन्होंने अपने एजेंडा और नीतियों का विवरण दिया। निर्धारित तिथि को एम.आई.एस के छात्राओं ने मतदान किया, और गिनती के बाद विजयी दल की घोषणा की । चुने गए सांसदों ने प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए संसदीय दल की बैठक आयोजित की। इसके बाद नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल का गठन किया और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। चुनाव के बाद आयोजित लोकसभा सत्र में छात्राओं ने विधायी कार्यवाही की प्रक्रिया सीखी तथा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की । विधेयकों का मसौदा तैयार किया गया, और संसदीय नियमों का पालन करते हुए बहसें हुईं। छात्राओं ने विपक्ष की भूमिका भी निभाई, जिसमें सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए और उनमें सुधार की मांग की गई। एम.आई.एस के प्रधानाचार्या मीता शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ जिसमे शिक्षको और अभिभावकों ने इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं। कृत्रिम लोकसभा चुनाव ने छात्राओं को लोकतंत्र की जटिलताओं और राजनीतिक प्रक्रियाओं की गहरी समझ दी। इस अनुभव ने उन्हें भविष्य के नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान किया है। एम.आई.एस. में ऐसे और भी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जो छात्रों को व्यावहारिक शिक्षा और जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराएं।

