मालरोड पर गोल्फ कार्ट बंद करने के लिए पालिका को ज्ञापन दिया।
मसूरी:- झूलाघर से पिक्चर पैलेस तक गोल्फ कार्ट चलाये जाने का व्यापारियों ने विरोध किया व नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर गोल्फ कार्ट संचालन रोकने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि झूलाघर से पिक्चर पैलेस तक मालरोड में गोल्फ कार्ट का संचालन किया जा रहा है, जिसमें पर्यटकों को ले जाया जा रहा है, जिसके कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, पर्यटक पैदल न चलने के कारण दुकानों का व्यवसाय पूरी तरह ठप्प हो रहा है। ज्ञापन में अवगत कराया गया कि नगर पालिका के नियमों, उप नियमों व बायलॉज में प्राविधान है कि मालरोड में कोई सवारी वाहन नहीं चलाया जा सकता, मालरोड पर्यटकों के लिए पैदल घूमने के लिए बनाई गई है। झूलाघर सहित पूरी मालरोड कुलड़ी तक के व्यवसायियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है वहीं मालरोड पर यातायात की समस्या भी बढ गयी है, व जगह जगह जाम लग रहा है, ज्ञापन में कहा गया कि मालरोड पर वाहनों के चलने पर प्रतिबंध लगना चाहिए जबकि गोल्फ कार्ट परिवहन विभाग से भी पंजीकृत नहीं है व न ही इनका इनश्योरेंस है। ऐसे में यदि दुर्घटना होती है तो किसकी जिम्मेदारी तय की जायेगी। मांग की गई कि जनहित व व्यापारी हित में मालरोड पर गोल्फ कार्ट चलाये जाने पर रोक लगाई जानी चाहिए व इन गोल्फ कार्ट को लाइब्रेरी अंबेडकर चौक से ग्रीन चौक तक कैमल बैक रोड से संचालित की जानी चाहिए ताकि उनका भी अहित न हो सके। ज्ञापन देने वालों में अनिल नौटियाल, मनोज, सम्स अली, विक्की, विनय गोयल, आरूषि, अभिषेक, सुमित दिनेश पंवार, बाबूराम, विक्रम सिंह, मुकेश नौटियाल, कमल कुमार, मनवीर सिंह, हरीश चंद्र यादव, अर्जुन सिहं, अंकित कुमार आदि है।