मसूरी:- मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने तिलक लाइब्रेरी सभागार में मसूरी के गरीब छात्रों के लिए बुकबैंक का शुभारंभ किया जिसमें कक्षा एक से लेकर इंटर तक की अंग्रेजी माध्यम व हिंदी माध्यमों की पुस्तकें रखी गई है ताकि जरूरतमंद छात्र छात्राएं इन पुस्तकों को ले जाकर अपनी पढाई कर सकें।
तिलक लाइब्रेरी सभागार में बुक बैंक का उदघाटन अखिल भारतीय अनुसूचित जाति युवजन समाज के प्रदेश अध्यक्ष विकास चौहान ने रिबन काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने गरीब छात्रों के हितो को ध्यान मेे रखकर जो बुक बैक की स्थापना की है यह निश्चित उन गरीब बच्चों की शिक्षा के सपनों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि यह बहुत बडा कार्य है ताकि कोई गरीब छात्र शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर का भी यही प्रयास था कि जो पढाई करेगा वहीं समाज में आगे बढेगा। यह शिक्षा को बढावा देने, गरीब परिवारों का सहारा बनने व छात्रों को शिक्षित करने व भविष्य को संवारने का कार्य करेगा। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि यह एसोसिएशन का छोटा प्रसास है ताकि कोई शिक्षा से वंचित न रहे। क्यों कि देखा गया है कि गरीब परिवारों के बच्चे किताबें खरीदने में असमर्थ होते है व इस कारण उनकी पढने की इच्छा पूरी नहीं हो पाती। इस गंभीर विषय पर एसोसिएशन ने उन छात्रों व अभिभावकों से संपर्क किया जिनके बच्चें पास होकर अगली कक्षा में चले जाते है व उनकी कितांबे घर में पड़ी रहती हैं या कबाड़ी को बेच दी जाती है ऐसे में उनका उपयोग हो सके व गरीब बच्चों की पढाई के काम आ सके इसका प्रयास किया गया। उन्होंने इस मौके पर पुस्तकें लेने आये छात्रों से यह भी कहा कि जिन बच्चों को कापियां चाहिए उन्हें निःशुल्क कापियां उपलब्ध करायी जायंेगी इसके लिए वह एसोसिएशन के सदस्यों से संपर्क करें ताकि उन्हें कापिंया भी मिल सके। उन्होंने उन अभिभावकों व छात्रों से भी अनुरोध किया जिनके घरों में पुरानी पाठय पुस्तकें बेकार पड़ी हैं वह यहां लेकर आयंे व इस महाअभियान में भागीदार बन गरीब बच्चों की मदद करें। इस मौके पर जगजीत कुकरेजा, अतुल अग्रवाल, राजेश शर्मा, राम पाल, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

