सीओ मसूरी ने नशे के खिलाफ लोगों को किया जागरूक।

मसूरी :- मसूरी में ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 के तहत मसूरी सीओ अनिल जोशी की अध्यक्षता में लंढौर क्षेत्र में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मसूरी में नशे  के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान 2025 तक देवभूमि को नशा मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया। सीओे मसूरी अनिल जोशी ने बताया कि पुलिस हर मोर्चे पर नशे के बढ़ते चलन को रोकने के लिए काम कर रही है, परंतु बिना जन सहभागिता के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को कामयाब किया जाना संभव नहीं है । इसमें आम सहभागिता जरूरी है । उन्होने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रग्स माफिया पर कार्रवाई के लिए त्रिस्तरीय टास्क फोर्स का गठन कर दिया गया है। यह दोनों यूनिट नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर की निगरानी में काम करेगी ,ड्रग्स तस्करों पर कार्रवाई के साथ  उनकी संपत्तियां भी जब्त कर सकेगी। दोनों टास्क फोर्स कई स्तरों पर जागरूकता अभियान और नशे के जाल में फंसे लोगों को निकालने का काम करेगी । सीओ मसूरी अनिल जोशी ने कहा कि ड्रग्स हमारे समाज का सबसे बड़ा अभिशाप है, किसी भी परिवार का बच्चा यदि नशे के जाल में फंस जाता है तो उस परिवार के जीवन भर की कमाई बर्बाद हो जाती है। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, सचिन जगजीत कुकरेजा, अवतार कुकरेजा, नरेश अग्रवाल सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।