मसूरी:- हाथी पांव देहरादून मार्ग पर सनी बैंड के समीप मसूरी घूमने आये पर्यटकों की एक कार देर रात करीब पांच सौ मीटर गहरी खाई में गिर गयी, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। कार का पता सुबह लगा जब किसी राह चलते आदमी ने खाई में कार को देखा व पुलिस को सूचना दी।
हाथी पांव से कार्ट मेकंजी मार्ग व एलकेडी मार्ग के समीप देर रात पर्यटकों की डिजायर कार संख्या एचआर 42 एफ 2676 सनी बैंड पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। पूरा क्षेत्र सुनसान होने के कारण कार गिरने का पता सुबह चला जब किसी ने खाई में कार को देखा। पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस, फायर सर्विस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची व एक घंटे का रेस्कयू कर तीनों शवों को खाई से निकाल कर मोर्चरी भेजा गया। लेकिन तीनों अभी अज्ञात है उनके पास से पुलिस को दो आधार कार्ड मिले है, लेकिन यह पता नहीं है कि यह उनके है या किसी और के हैं। पुलिस आधार कार्ड के माध्यम से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। मृतकों को 108 की मदद से उप जिला चिकित्सालय के मोर्चरी में ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात हरियाणा के पर्यटक हाथी पांव से देहरादून की ओर जा रहे थे कि अचानक उनकी कर अनियंत्रित हो गई जिससे वह गहरी खाई में जा गिरे। सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क पर गाड़ी के टायर के निशान देखे तो इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर छानबीन की तो पता लगा की गहरी खाई में एक कर गिरी है। सूचना एसडीआरएफ और फायर सर्विस को दी गई इसके बाद कड़ी मशक्कत से मृतकों को मुख्य मार्ग तक लाया गया पुलिस मृतकों की पहचान जुटाने में लगी है। इस मौके पर एसडीआरएफ की सब इंस्पेक्टर लक्षमी रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है कार बहुत गहरी खाई में गिरी थी जिससे रेस्क्यू करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फायर अधिकारी धीरज तड़ियाल ने बताया कि फायर सर्विस को जब इसकी सूचना मिली तो सभी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और मृतकों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक लाया गया व वहां से उप जिला चिकत्सालय भेज दिया गया है। आधार कार्ड से संभावना व्यक्त की जा रही है कि मृतक सोनीपत हरियाणा के हैं। पुलिस ने बताया कि मृतकों का पता लग गया है जिसमें विकास त्यागी 44 वर्ष पुत्र महेंद्र सिंह निवासी मकान नंबर 268 बरी गन्नौर सोनीपत हरियाणा, राजपाल पुत्र 50 वर्ष पुत्र दीप चंद निवासी साह पुर तहसील गन्नौर सोनीपत, ओम प्रकाश उर्फ बबलू 45 वर्ष पुत्र लीलू निवासी गन्नौर सोनीपत हरियाणा। पुलिस ने बताया की परिजनों के आने के बाद सभी शवोंका पोस्टमार्टम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पर्यटक सीजन में इसी मार्ग पर पुलिस द्वारा ट्रैफिक डायवर्ट किया जाता है किंतु अभी तक लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों पर सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए हैं, पैराफिट तक लगाना मुनासिब नहीं समझ गया है। हर वर्ष इस मार्ग पर गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त होती रहती है किंतु अभी तक लोक निर्माण विभाग ने दुर्घटनाओं को रोकने का कोई ठोस उपाय नहीं किया है शायद विभाग किसी बड़ी दुर्घटना की इंतजार में है।

