मसूरी:-नगर पालिका निर्वाचक नामावली 2024में दर्ज मतदाताओं के नाम पर की गई आपत्तियों की सुनवाई हेतु पर्याप्त समय देने के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन दिया गया।
नगर पालिका सभागार में पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल के नेतृत्व में एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका निर्वाचक नामावली 2024 में सुनवाई के लिए जो समय दिया गया था वह आपत्तियों की संख्या अधिक होने के कारण पूरी नहीं हो सकी। सुनवाई में 514 आपत्तियों का निस्तारण किया गया व लगभग 1355 आपत्तियों पर समय कम होने के कारण सुनवाई नहीं हो पायी। जिससे उनके अधिकारों का हनन हो रहा है व इससे सीधे नगर पालिका के चुनाव प्रभावित होगें। मांग की गई कि मतदाताओं के हितों को देखते हुए आपत्तियों की सुनवाई हेतु न्यायहित में कम से कम एक सप्ताह का समय और दिया जाय। वहीं एक अन्य ज्ञापन में मांग की गई कि जिनके नाम पांडुलिपि व बीएलओ की गुलाबी पर्ची में दर्ज किए गये है उनमें से बहुत सारे नामों को मुख्य निर्वाचक नामावली पांडु लिपि मे मिलान कर सुधार किया जाय। ज्ञापन देने वालों में पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, मेघ सिह कंडारी, सुरेंद्र रावत, पूर्व सभासद वीरेंद्र पंवार, दर्शन रावत, रणवीर कंडारी, प्रताप पंवार, गुड मोहन राणा, नरेश रावत, भरत सिंह चौहान, जगपाल गुसांई, कुलदीप रौंछेला, नरेश मल्ल आदि थे।

