मसूरी:- लंढौर चौक पर सावन समाप्त होने पर जवाहर गोगा पीर की छड़ी की पूजा की गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने छड़ी के दर्शन किए व परिवार की खुशहाली की कामना के साथ प्रसाद चढाया। वहीं श्रद्धालु देर तक ढोल के साथ नृत्य कर खुशी मनाते रहे।
लंढौर चौक पर हर वर्ष जवाहर गोगा पीर की पूजा की जाती है। इससे पूर्व गोगा पीर की छड़ी बार्लोगंज स्थित मदिर से ढोल ढमाके व श्रद्धा के साथ बालाहिसार, सिविल रोड, घंटाघर, लंढौर बाजार होते हुए लंढौर चौक तक नगर शोभायात्रा के रूप में निकाली जाती है जिसमें लोग रास्ते भर छड़ी के दर्शन करते हैं। लंढौर चौक पहुचंने पर प्रसाद वितरित किया जाता है व वहां पर छड़ी की पूजा के बाद बड़ी संख्या में सभी वर्ग के श्रद्धालु दर्शन करते हैं व प्रसाद चढाते हैं। इस मौके पर जवाहर गोगा पीर के पुजारी अमन पवार ने बताया कि ब्रिटिश काल से ही गोगा पीर की छड़ी को सावन समाप्त होने पर रक्षा बंधन की शाम को शोभायात्रा निकाल कर बार्लोगंज से लंढौर चौक लाया जाता है जहां पर श्रद्धालु दर्शन करते है व प्रसाद चढा कर पीर महाराज का आशीर्वाद लेने के साथ ही मन्नते मांगते है। उन्होंने बताया कि सावन माह में सभी देवता पाताल में चले जाते है व सावन समाप्त होने पर बाहर आते है, जिससे श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल रहता है व गोगा पीर की छड़ी का नगर भ्रमण कराया जाता है। इसमें हिंदू धर्म से जुडे सभी वर्ग के लोग आते है व जिनकी मन्नते पूरी होती है वह चादर, झंडी व प्रसाद चढाते हैं। उन्होंने बताया कि जवाहर गोगा पीर का मुख्य मंदिर बागड़ राजस्थान में है, जहां इस मौके पर बड़ा मेला लगता है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल पंकज अग्रवाल, प्रिंस पंवार, विशाल, दीपक, शौकीन, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

