बरसात में नाले खाले बंद होने पर प्रशासन व पालिका के खिलाफ भारी जनाक्रोश।

मसूरी:-  लगातार हो रहीे बरसात से शहर में अनेक समस्यायें पैदा हो गई हैं। सबसे आश्चर्य जनक बात यह है कि बरसात से पहले नालों खालों की सफाई करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री, मसूरी के विधायक व मंत्री गणेश जोशी, जिलाधिकारी व एसडीएम ने विभागों को निर्देश दिए थे, लेकिन संबंधित विभागों ने इसका संज्ञान नहीं लिया जिसके कारण बरसात में समस्यायें बढ गयी है। हैंपटन कोर्ट स्कूल जाने वाले रास्ते की नाली बंद होने से बरसात का पानी सड़क पर बहा व स्कूली बच्चे बहते बहते बचे जिससे लोगों में आक्रोश बढ गया व प्रशासन व पालिका से नाली खोलने की मांग की गई।
लगातार बरसात होने के कारण जहां नाले खाले बंद हो गये हैं वहीं मालरोड की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। जिस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संज्ञान लिया व प्रशासन व पालिका से मांग की कि नालियों व नालों को खोला जाय ताकि बड़ी दुर्घटना होने से बचा जा सके। वहीं मालरोड की दशा भी सुधारी जाय। इस संबध में व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि हैंपटन कोर्ट रोड पर नाला बंद पाया गया जिसमें कचरा व निर्माण सामग्री थी जिसके कारण रोड पर पानी तेजी से बहने लगा व स्कूल जाने वाले बच्चे भीग कर गये व बहते बहते बचे। इस संबंध में एसडीएम व नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को कहा गया जिस पर नाले को खोलने की कार्रवाई शुरू की गई। लेकिन सवाल एक नाली व नाले का नहीं है सभी नाले साफ किए जाने चाहिए, यहीं हाल बार्लोगंज का है इस पर एसडीएम ने संज्ञान लिया व सभी नालों को खोलने के निर्देश दिए व खुद मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्हांेने कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली गत पांच साल से बदतर हो रखी है कोई सुनने वाला नहीं है। इस संबध में भाजपा के मंडल अध्यक्ष राकेश रावत ने कहा कि मंत्री गणेश जोशी ने नगर पालिका सभागार में बैठक ली थी व अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि बरसात में व्यवस्था बना कर रखें लेकिन ऐसा लगता है कि विभागों के आपसी तालमेल न होने से व्यवस्था नहीं बनी लेकिन अगर इस संबध में विभाग सजग नहीं हुए तो अधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि मंत्री गणेश जोशी ने बरसात से पूर्व सभी जरूरी कार्य करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अधिकारी आराम के मुड़ में हैं काम नहीं कर रहे। पिक्चर पैलेस पर रोड बने छह माह भी नहीं हुए रोड टूट रही है लोग फिसल रहे हैं चोटिल हो रहे हैं, एसडीएम लगातार मौके पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन अगर कार्य नहीं होगा तो मंत्री गणेश जोशी की कार्यशैली से सभी भिज्ञ है, ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई होगी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।