हरेला पर्व पर शहर कांग्रेस ने पौधे वितरित किए।

मसूरी:- पूरे प्रदेश में हरेला पर्व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है इसी कड़ी में पर्यटन नगरी मसूरी में भी हरेला पर्व पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मसूरी वन विभाग ने विभिन्न प्रजाति के पौधे विभिन्न स्थानों पर रोपे।
वहीं शहर कांग्रेस ने कांग्रेस भवन में आयोजित हरेला पर्व पर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे व कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि पूरे सप्ताह अपने घरों के आस पास पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें व रोपे गये पौधों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए देखभाल भी करें ताकि वे पनप सकें। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि हरेला पर पूरे सप्ताह मनाया जाएगा और शहर के हर वार्ड में वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि  हरेला पर्व की शुरूआत कांग्रेस के शासन काल में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने की थी जो आज पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड का पर्व है व इस मौके पर पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण किया जाता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संतुलित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा हरेला पर्व की शुरुआत की गई थी जिसे आज भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस धरा को हरा भरा करने व पर्यावरण संरक्षण करना सभी का दायित्व है। लेकिन जो पेड़ लगाये उनका रख रखाव करें। विकास के साथ साथ पर्यावरण का संरक्षण जरूरी है अगर मनुष्य दोहन करेगा उससे पर्यावरण संतुलित नहीं रहेगा। पेड हमें स्वच्छ हवा व जीवन देती है। उन्होंने कहा कि अगर पेड़ नहीं लगेंगें तो आक्सीजन कहां से मिलेगी व कार्बन आक्साइड का संतुलन बिगड़ेगा। इस मौके पर पालिका सभासद रूचिता गुप्ता, नाग्रेद्र उनियाल, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष भगवान सिंह धनाई, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।