मसूरी:- पर्यटन सीजन लगभग शुरू हो गया है, लेकिन सरकार की ओर से पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध न कराये जाने के कारण पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन व सरकार को पर्यटकों को होने वाले परेशानियों से बचाने के लिए प्रयास करने चाहिए।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि इन दिनों एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है वहाँ का तापमान 45 डिग्री से अधिक चल रहा है ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी आ रहे हैं लेकिन यहां आने के बाद पार्किग की व्यवस्था पर्याप्त न होने से परेशान होते हैं। उन्होंने कहा कि खास कर टेंपो ट्रैवल्स के आने पर व्यवस्था खराब हो जाती है जब टेंपो में पर्यटक आते है तो उनके खड़े होने की व्यवस्था नही होने से जाम लग जाता है, ऐसे में उन्हें सवारी उतार कर सड़कों के किनारे खडा करना पड़ता है। इसलिए मसूरी में मल्टीलेवल पार्किग बनायी जानी चाहिए वहीं उसके साथ ही छोटी छोटी पार्किंग बनायी जानी चाहिए ताकि पर्यटकों का असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि एक पार्किंग जीरो प्वांइट पर बननी प्रस्तावित है उसके बनने से भी राहत मिलेगी। संजय अग्रवाल ने यह भी कहा कि इस पुलिस की सतर्कता से जाम कम लग रहा है खुद सीओ मसूरी में कैंप कर रहे हैं व कोतवाल भी दिनरात लगे हैं। उन्होंने कहा कि जून में मसूरी में सीजन पीक पर रहता है लेकिन अभी वीक एंड पर ही भीड़ हो रही है व अन्य दिनों कम संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। जून माह में अभी से साठ प्रतिशत तक की बुकिंग आ चुकी है। जबकि इन दिनों भी वीकएंड में साठ प्रतिशत से अधिक होटल पैक हो रहे हैं।

