होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को ज्ञापन देकर सीजन से पूर्व शिव मंदिर के समीप वैलीब्रिज बनाने, सडकों की दशा सुधारने की मांग की।

मसूरी। मसूरी होटल एसोसियेशन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को एसडीएम कार्यालय में माध्यम से ज्ञापन देकर सीजन से पूर्व शिव मंदिर के समीप एक अन्य वैलीब्रिज बनाने, शहर की सड़कों की मरम्मत करने, पैराफीट ठीक करने, एनएच की दशा सुधारने सहित किमाडी मार्ग का चौडीकरण किये जाने व इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में बनाये जाने की मांग की है।
होटल एसोसिएशन के माध्यम से दिए गये ज्ञापन में कहा गया कि गत वर्ष मानसून सीजन में आयी आपदा से मसूरी की सडको सहित एनएच क्षतिग्रस्त हो गया था लेकिन अभी तक उनमें सुधार नहीं किया गया। मांग की गयी कि देहरादून मसूरी मार्ग पर वैलीब्रिज पर लग रहे जाम को ध्यान में रखते हुए वहां पर एक अन्य वैलीब्रिज शीघ्र बनाया जाय जिससे सीजन में पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को परेशानी न उठानी पडे। मांग की गयी कि मसूरी यमुनोत्री एनएच यमुना पुल के समीप क्षतिग्रस्त है उसका सुधारीकरण किया जाय, किमाडी रोड का चौडीकरण व निर्माण किया जाय ताकि आने वाले समय में इसका उपयोग किया जा सके तथा एनएच कैपटी स्टैण्ड रोड का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाय। ज्ञापन में कहा गया कि सडकों की दुदर्शा होने पर मसूरी का नाम खराब हो रहा है वहीं व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से शीघ्र समस्याओं का समाधान करने की मांग की गयी जिससे सीजन में किसी को परेशानी न हो। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव व अमित वैश्य आदि थे।