पिक्चर पैलेस क्षेत्र की सीवर समस्या के समाधान करने को कार्य शुरू।

मसूरी:- शहीद भगत सिंह चौक व आसपास सीवर की लंबे समय से चल रही  समस्या के समाधान का कार्य जल संस्थान ने शुरू कर दिया है। इससे स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा।
विगत दिनों जिलाधिकारी सविन बंसल के जनता दरबार में पिक्चर पैलेस शहीद भगत सिह चौक पर लगातार सीवर बहने की समस्या व पास के एक होटल में सीवर लाइन बंद होने से सीवर की समस्या के संबंध में शिकायत आए थी। जिसका जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया व जल संस्थान को निर्देश दिए कि समस्या का समाधान किया जाय जिसके बाद जल संस्थान ने जेसीबी लगाकर सीवर लाइन को खोदने का कार्य शुरू कर दिया। इस संबंध में जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत ने बताया कि विगत दिनों जिलाधिकारी के जनता दरबार में यह समस्या उठाई गई थी जिस पर जल संस्थान ने दीपावली के बाद इस कार्य को करने की बात की थी जिससे सीजन प्रभावित न हो। इसी कड़ी में मध्यरात्रि को कार्यशुरू किया गया व बिना किसी नुकसान के सफलता पूर्वक रोड क्रास का कार्य कर लिया गया। इस कार्य में मुख्य चुनौती रोड पर यातायात, बिजली, टेलीफोन, केबल, पानी की लाइन, आदि को बचाना था जिस पर जेसीबी के साथ ही मजदूर लगाकर कार्य किया गया व किसी भी प्रकार की क्षति नहीं हुई। उन्होंने बताया कि चौराहा होने के कारण रात को कार्य किया गया व सुबह तक पूरा कर लिया गया अब होटल के गेट के अंदर कार्य किया जा रहा है इसमें इस बात का विशेष ध्यान रखा जायेगा कि होटल में रूके पर्यटकों को असुविधा न हो और उनके वाहनों को निकालने में परेशानी न हो। वहीं तिलक रोड की सभी लाइने साफ करा दी गई है व मालरोड जाने वाले मार्ग की सीवर व्यवस्था इसी से जोडी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्य को शुरू करने से पूर्व 30 अक्टूबर को सभी संबंधित विभागों लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, दूर संचार, केबल, नगर पालिका आदि बैठक की गई व इस कार्य के शुरू होने पर पूरी रात को सभी विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे ताकि कोई केबल न कटे। जिसे सफलता पूर्वक बिना नुकसान के पूरा कर लिया गया है व रोड भी बाधित नहीं होने दी। इसके तत्काल बाद पिक्चर पैलेस चौक पर सीवर चैंबर के कार्य को किया जायेगा, उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी लगातार इस कार्य का संज्ञान ले रहे हैं व इस कार्य को करने के लिए सात आठ दिन का समय निर्धारित किया गया था लेकिन यह कार्य उससे पूर्व की पूरा कर लिया जायेगा।