मसूरी :- पर्यटन नगरी में मसूरी के लिए संचालित की जा रही 144 करोड़ की यमुना पेयजल योजना का लाभ जाफर हाल के निवासियों को न मिलने पर क्षेत्र की जनता ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर योजना का लाभ देने की मांग की है।
अधिशासी अभियंता जल संस्थान को दिए ज्ञापन में कहा गया कि यमुना मसूरी पेयजल पंपिग योजना के तहत पूरी मसूरी को जलापूर्ति देकर लाभान्वित किया जा रहा है, लेकिन जाफर हाल क्षेत्र को इसका लाभ अभी तक नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्र की जनता में लगातार अक्रोश बढ रहा है। यमुना पेयजल योजना का लाभ न मिलने के कारण जाफर हाल क्षेत्र की जनता को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस योजना का लाभ देने के लिए जो जंक्शन लगाया गया है वह रॉकवुड होटल के सामने है, जिससे जाफर हाल क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जनता की मांग है कि जाफर हाल के लिए इस जंक्शन को होटल सनी कोर्ट के समीप लगाया जाय ताकि जाफर हाल क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। वहीं चेतावनी दी गई कि अगर शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता को आंदोलन के लिए बाध्य होना पडे़गा। ज्ञापन देने वालों में रमेश वसीम खान, सरिता बंगवाल, देवेंद्र उनियाल सहित अन्य लोग है।

