जाम के झाम से लोग बेहाल,लंढौर बाजार सबसे अधिक परेशान। 

मसूरी:-  पर्यटन नगरी मसूरी में जाम से निजात दिलाने के प्रयास कहीं नजर नहीं आ रहे। इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है लेकिन मसूरी के चारों ओर जाम से लोग बेहाल हो रहे है। जिस कारण पर्यटकों सहित स्थानीय निवासियों में भी पुलिस व प्रशासन के खिलाफ लगातार आक्रोश बढ रहा है। विशेषकर लंढौर बाजार में तो यह समस्या नासूर बन गयी है, जिसका कोई इलाज फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। जाम लगने का सबसे बड़ा कारण पुलिस व प्रशासन की हीलाहवाली नजर आ रही है, कई बार जाम से निपटने के लिए मास्टर प्लान बनाये गये लेकिन कोई भी कारगर साबित नहीं हुआ।
सीजन शुरू होते ही जाम की समस्या आम बन गयी है। जाम लगने से जहां पर्यटकों को घंटों रोड पर वाहनों में कैद होने को बाध्य होना पड़ता है वहीं स्थानीय नागरिकों के लिए भी यह मुसीबत बन गई है हालांकि जाम मसूरी देहराूदन मार्ग, किंक्रेग से लाइब्रेरी व पिक्चर पैलेस मार्ग, मोती लाल नेहरू मार्ग, अकादमी मार्ग सहित मालरोड पर लगने से पर्यटकों सहित स्थानीय नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अब तो धनोल्टी मार्ग पर सुवाखोली ,बुरासंखंडा तथा धनोल्टी में भी जाम लग रहा है। जाम की सबसे बड़ी समस्या लंढौर बाजार से मलिंगार तक  है, जो नासूर बन चुका है, इससे जहां पर्यटक व स्थानीय नागरिक परेशान है वहीं व्यापारी भी खासे परेशान है उनका व्यवसाय पूरी तरह चौपट हो गया है। यही कारण है कि विभिन्न व्हाटस एप ग्रुपों पर इस समस्या को लेकर लोग अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे है व पुलिस प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं। लंढौर में सुबह से ही जाम लग जाता है व देर रात्रि तक लोगों को फंसे रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है।