मसूरी:- टिहरी संसदीय क्षेत्र से लोक सभा का टिकट मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला का शहर कांग्रेस भवन में जोरदार स्वागत किया गया। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्थल पर जाकर उत्तराखंड के शहीदों के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की वहीं इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेस भवन में आयोजित स्वागत समारोह में जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि टिहरी देश की पहली लोक सभा सीट है और यहां से ही परिवर्तन की लहर चलेगी जो पूरे देश में बदलाव लायेगी।
शहर कांग्रेस भवन में पहुचने पर टिहरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला का शाल , पुष्पगुच्छ व मालर्यापण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूरे लोक सभा क्षेत्र में जनता का अपार समर्थन मिल रहा है वहीं वह चुनाव सादगी से लड़ रहे हैं । उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रजा व राजा के बीच है लेकिन प्रजा पूरे लोकसभा क्षेत्र में फैल चुकी है व कार्य शुरू कर दिया है, आम जनता के साथ कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह है। उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व व प्रदेश कांग्रेस का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन पर विश्वास व्यक्त किया। उन्हांने कहा कि जनता की अदालत तय करेगी जनता सत्ता से विमुख हो चुकी है, मसूरी में भी यही उत्साह देखा जा रहा है जो कांग्रेस को छोड कर जो जा रहे हैं उतने ही आ भी रहे हैं उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जनता सवाल पूछ रही है कि मंहगाई का क्या होगा, नौजवान बेरोजगार है उसकी उत्तरदायी डबल इंजन की सरकार है, मन की बात सुनने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। अंकिंता भंडारी को आज तक न्याय नहीं मिल पा रहा है। पूरे देश में परिवर्तन की लहर चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता खुद महारानी से खुश नहीं हैं तथा वह भी बदलाव चाहते हैं। उन्होंने मसूरी की जनता का आभार व्यक्त किया कि उन्होेने नगर पालिकाध्यक्ष, विधायक बनाया व अब उन्ही के आशीर्वाद से लोकसभा का चुनाव लड़ रहा हूं। उन्होंने इस मौके पर इंडिया गठबंधन के सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया जो पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुट गये हैं व कार्य कर रहे हैं। स्वागत समारोह को पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने संबोधित करते हुए कहा कि पूरे टिहरी लोकसभा क्षेत्र मे जोत सिंह गुनसोला को सभी जानते हैं जहां भी जा रहे हैं अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेसजनों व समर्थक दलों का आह्वान क्या की लोकतंत्र व संविधान को बचाने के लिए सभी एकजुट हो जाए। कांग्रेस की प्रदेश महासचिव गोदावरी थपली ने कहा कि इस बार जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मत कर देने का मन बना लिया है जिसका अंदाज़ जनता से मिल रहे समर्थन से देखा जा सकता है। उन्होंने जोत सिंह गुनसोला को भरोसा दिलाया की पूरी ताकत से कांग्रेस को जीतने का काम किया जाएगा वह हर संभव सहयोग दिया जाएगा। सभा को मेघ सिंह कंडारी ,सीपीआई के सचिव देवी गोदियाल,माकपा के सचिव भगवान सिंह चौहान,आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश राणा ने भी संबोधित किया। सभा को संचालित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कांग्रेस जनों व इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि आगामी एक माह तक दिन रात एक कर कांग्रेस प्रत्याशी को जितने मे लग जाए व 26 मार्च को नामांकन में भारी संख्या में पहुंचकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करें। इस अवसर पर भगवान सिंह धनाई, संदीप साहनी, रामप्रसाद कवि, रमेश राव, बलबीर सिंह चौहान, वीरेंद्र कैंतुरा, सुशांत बोहरा, प्रताप पवार, महिमानंद, सुनील पवार, भरोसी रावत, मनोज गर्ग, अरविंद सोनकर, नंदलाल सोनकर, रफीक अहमद, नफीस अहमद, प्रिंस सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

