कर्नाटक की जीत पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न।

मसूरी : –  कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली  जीत पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह चौक पर आतिशबाजी की और मिष्ठान वितरित कर एक दूसरे को जीत की बधाई दी ।लंबे समय बाद कांग्रेस पार्टी को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का अवसर मिला है और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में इस जीत ने संजीवनी का काम किया है ,जिससे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में एक नया जोश देखने को मिल रहा है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और आने वाले लोकसभा और नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी बहुमत से सरकार बनाएगी । उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस पार्टी पर विश्वास किया है और कांग्रेस पार्टी ने महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाकर भाजपा सरकार की नींव हिला दी है।
इस अवसर पर छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष महेश चंद्र ने कहा कि कर्नाटक की जीत का श्रेय राहुल गांधी को जाता है जिन्होने भारत जोड़ो यात्रा के बाद लोगों में  कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास जताया और निश्चित तौर पर 2024 में कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव में भी यही प्रदर्शन दोहरायेगी। इस अवसर पर कांग्रेस के रामप्रसाद कवि, रमेश राव, नागेंद्र उनियाल, जसवीर कौर, भरोसी रावत, राजीव अग्रवाल सहित भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। वही देखने वाली बात यह रही कि  कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने पूर्व की भांति इस बार भी दूर बनाकर रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *