कैंपटी फॉल के ठंडे पानी में नहा पर्यटक ले रहे आनंद

मसूरी:-  पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों पर्यटन सीजन पूरे शबाब पर है, बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने से मालरोड पर पर्यटकों की रौनक बढ गयी है। वहीं मसूरी के होटल पैक हो गये हैं। लेकिन इस बार पर्यटकों को मसूरी में पड़ रही गर्मी खासा परेशान कर रही है। हालांकि यहाँ पर देश के मैदानी क्षेत्रों से तापमान काफी कम है लेकिन उसके बावजूद होटल में आते ही पर्यटक सबसे पहले एसी या पंखा लगा होने की मांग करने लगे है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों सीजन पूरे शबाब पर है, मसूरी व उसके आसपास के पर्यटक क्षेत्रों में पर्यटकों के आने से व्यवसायियों के चेहरे खिले हैं। लेकिन गर्मी होने से पर्यटकों को भी परेशान होना पड़ रहा है। जिसके कारण सबसे अधिक भीड़ कैंपटी फॉल का आनंद लेने जा रही है। फॉल के उंचाई से गिरते ठंडे पानी को देख पर्यटक उत्साहित हो जाते हैं व फॉल में नहा कर बदन की गर्मी को शांत कर रहे हैं व घंटों तक पानी में ही नहाते रहते हैं। गर्मी होने के कारण जो नहाने का मन नहीं बना पाते वह भी पानी में कूद कर गर्मी से बचाव कर रहे है व गर्मी होने के बावजूद ठंडे पानी में नहा कर आनंद का अनुभव कर रहे हैं। कैंपटी फॉल में सुबह से शाम तक खासी रौनक बनी रहती है। वहीं कंपनी बाग हो या धनोल्टी वहां पर भी पर्यटक बड़ी संख्या में जा रहे हैं।कैम्प फाल पंहुचने के लिए पर्यटको को जाम की दिक्कतों का भी सामना करना पड रहा है किन्तु यहाँ पंहुचने के बाद ठंडे पानी का आनंद लेने के बाद उनकी थकान दूर हो जाती है और पर्यटक तरोताजा हो जाते हैं।