मसूरी:-सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गये। प्रतियोगिता में ओवर ऑल खिताब हरा सदन ने कब्जाया।
सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज के प्रांगण में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित पारंपरिक खेलों में छात्राओं ने उत्साह से प्रतिभाग किया। इस मौके पर विद्यालय की क्रीड़ा प्रभारी कविता नेगी ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाला व उनके जीवन से जुडे़ प्रेरक प्रसंग बच्चों से साझा किए व बताया कि उन्ही के नाम पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पारंपरिक खेल, पिटठू, रस्साकशी, मुर्गा झपट, आदि खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित करायी गई। प्रतियोगिता तीन वर्गो में आयोजित की गई जिसमें कक्षा एक से पांच तक प्रथम वर्ग, कक्षा छह से आठ तक द्वितीय वर्ग व कक्षा नौ से बारह तक तृतीय वर्ग था। प्राथमिक वर्ग मुर्गा झपट में हरा सदन ने प्रथम, नीला सदन द्वितीय स्थान पर रहा, ओवर ऑल विजेता हरा सदन रहा। सब जूनियर मुर्गा झपट में हरा प्रथम व नीला द्वितीय रहा, सीनियर वर्ग में मुर्गा झपट में हरा प्रथम व पीला द्वितीय रहा। रस्सा कशी सब जूनियर में पीला सदन पहले व लाल सदन दूसरे स्थान पर रहा, सीनियर वर्ग में नीला सदन पहले व पीला सदन दूसरे स्थान पर रहा। पिटठू प्राथमिक में लाल सदन पहले व पीला सदन दूसरे, सब जूनियर में हरा सदन पहले व पीला सदन दूसरे व सीनियर में हरा सदन पहले व पीला सदन दूसरे स्थान पर रहा।

