भूस्खलन से मार्ग हुआ बाधित, भारी मशक्कत के बाद खोला गया मार्ग।

मसूरी:-  मसूरी से यमुना पुल जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 707ए केंपटी से आगे व यमुना पुल से पहले भूस्खलन से बंद हो गया जिस कारण रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गयी। पुलिस ने रोड  खुलवाने के लिए जेसीबी लगायी व 15 घंटे बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।
मसूरी से सटे टिहरी जनपद के जौनपुर ब्लॉक के अंतर्गत त्यूनी मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 ए में गस्ती बैंड के पास रात्रि के समय पहाड़ी से भू धंसाव होने के कारण मार्ग बंद हो गया। जहाँ रात से ही आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई जिसे कड़ी मशक्कत के बाद कैम्पटी पुलिस और डायल 112 प्रभारी रामवीर सिंह के नेतृत्व में जेसीबी के माध्यम से 15 घण्टे बाद खोला गया। भूस्खलन होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को हुई, क्योंकि रात के समय मार्ग बंद होने से कई वाहन फंस गए थे। कुछ वाहन तो यमुना पुल से विकास नगर के रास्ते अपने गंतव्य तक गये व कुछ वाहन जो मसूरी से उत्तरकाशी, नैनबाग आदि क्षेत्रों में जाने थे वह भी वाया देहरादून विकास नगर से अपने गंतव्य तक गये। लेकिन अन्य वाहन वहीं रातभर खड़े रहे। मालूम हो कि एनएच 707 ए मार्ग में किलोमीटर 139 में पिछले दो वर्षों से भू  धसाव होने के कारण कई बार वाहनों व यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। राष्ट्रीय राजमार्ग 707 ए के अधिकारियों को इस बारे में कई बार अवगत कराया गया, लेकिन उसके बावजूद भी अब तक इस स्थान का परमानेंट ट्रीटमेंट नहीं हो पाया है जिससे हमेशा जान माल का खतरा   बना  रहता है। थाना अध्यक्ष कैंपटी अमित शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस बल यहां पर मौजूद हो गया था लेकिन रात के समय जेसीबी मशीन नहीं चलाई जा सकी, सुबह जेसीबी मशीन चला कर मार्ग को यातायात के लिए खोला गया है, और पुलिस यहां पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।