मसूरी:- लंढौर बाज़ार मार्ग का पुश्ता ढह जाने के बाद से नगर पालिका रोड पर आये दिन जाम से लोगों को जूझना पड रहा है, कई बार पुलिस व प्रशासन को कहा गया कि रोड के किनारे खड़े वाहनों को हटाया जाय लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है परिणाम स्वरूप इसका खामियाजा आम स्थानीय निवासियों व पर्यटकों को भोगना पड़ रहा है।
पिक्चर पैलेस से लंढौर मार्ग का पुश्ता ढह जाने के बाद लंढौर क्षेत्र में जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज दिन भर नगर पालिका व हिमालय क्लब होटल के समीप भारी जाम लग रहा है जिसका मुख्य कारण रोड के किनारे खड़े किए जाने वाले वाहन हैं। पुश्ता ढहने के बाद जब मसूरी के विधायक व मंत्री गणेश जोशी मसूरी आये थे तो उन्होंने रोड किनारे खडे वाहनों का संज्ञान लेकर पुलिस को कड़े निर्देश दिए थे व पुलिस ने चालान भी किए लेकिन यह समस्या हर रोज की है एक दिन के चालान से कुछ होने वाला नही। वहीं हिमालय क्लब के समीप एक रोलर दशकों से खडा है उसे वहां से हटाया जाना चाहिए जिससे रोड पर वाहन आराम से निकल सकें जब कि इस रोलर के पीछे नशेड़ियों को अडडा बना है।
मसूरी व्यापार संघ के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने कहा कि लंढौर जाने वाले मुख्य मार्ग के टूट जाने के कारण सारा ट्रैफिक इसी रोड से आ जा रहा है जबकि यह संकरा मार्ग है। उन्होंने कहा कि यहां पर खड़ा रोलर किसका है पता नहीं चल रहा और न ही कोई बताने को तैयार है जबकि यह नशेड़ियों का अडडा बना है। इस पर प्रशासन व पुलिस को नजर रखनी चाहिए व रोड किनारे खड़े वाहनों को खडा न होने दे जिससे जनता को परेशानी न हो। वहीं पालिका के पूर्व सभासद अरविंद सेमवाल ने कहा कि लंढौर जाने वाले संपर्क मार्ग जो नगर पालिका से हिमालय क्लब होटल को जाता है इस मार्ग पर रोड किनारे वाहनों के खड़े होने से लोगों को जाम से जूझना पड़ता है व विशेष कर सुबह व दोहपर के समय जब स्कूली बच्चों की छुटटी होती है उस समय बहुत बुरा हाल होता है। वही वीक एंड पर भी जब पर्यटकों की संख्या बढ जाती है तब जाम लग जाता है व कई बार स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में विलंब हो जाता है। उन्होंने कहा कि जाम लगने का एक और प्रमुख कारण है कि नगर पालिका टाउन हाल पर जब गाडी लंढौर की ओर से आती है तो वह महाराजा अग्रसेन चौक की ओर जाती है वहीं अग्रसेन चौक से लंढौर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से आते है जिस कारण जाम लग जाता है। पुलिस प्रशासन को चाहिए कि लंढौर क्षेत्र से आने वाले छोटे वाहनों को नगर पालिका से पिक्चर पैलेस जाने वाले संपर्क मार्ग से भेजना चाहिए व पिक्चर पैलेस से लंढौर जाने वाले वाहनों को अग्रसेन चौक से भेजा जाना चाहिए वहीं हिमालय क्लब से घंटाघर की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को ओक रोड से भेजा जाय तो जाम से निजात मिल सकता है। इस मार्ग को एक मार्गीय यातायात के रूप में चलाया जाना चाहिए वहीं रोड किनारे खडे होने वाले वाहनों का हर रोज चालान किया जाना चाहिए तब जाकर व्यवस्था में कुछ सुधार हो सकता है।

