गढवाली फिल्म लिव इन यूके की शुटिंग शुरू।

मसूरी:- लिव इन रिलेशनशिप पर उत्तराखण्ड में बनने वाली पहली फिल्म ‘लिव इन यूके का झड़ीपानी में मुहूर्त शार्ट फिल्माया गया। फिल्म के निर्देशक प्रदीप भण्डारी ने यूसीसी के तहत उत्तराखण्ड में लागू लिव इन रिलेशनशिप को देवभूमि संस्कृति के लिए विष बताया व कहा कि इसके परिणाम आने वाले समय में नकारात्मक  देखने को मिलेंगे। यह फिल्म गढ़वाली भाषा में बन रही है।
फिल्म के मुहुर्त शॉट लेने के बाद फिल्म के कई दृश्य फिल्मायें गये। पत्रकारों से वार्ता करते हुए फिल्म के निर्देशक प्रदीप भण्डारी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा लाये गये लिव इन रिलेशनशिप एक्ट में कई झोल हैं जिनमें सुधार की अत्यन्त आवश्यकता है। ‘लिव इन यूके’ फिल्म जनता और सरकार को जागरूक करेगी व इसकी खामियों को जनता व सरकार के सामने लाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि आम जनता को अभी इस कानून के भीषण दुष्परिणामों के बारे में जानकारी ही नहीं है। उन्होंने बताया कि समाज के जागरूक वर्ग ने उन्हें यह फिल्म बनाने को प्रेरित किया है। उन्होंने बताया कि यह एक समसामयिक विषय है तथा दो माह में फिल्म सिनेमा हॉल में आ जायेगी। फिल्म में मां की भूमिका निभा रही विनीता नेगी ने कहा कि फिल्म में लिव इन से परिवार को किन मुसीबतों का सामना करना पड़ता है उसे दिखाया जायेगा, फिल्म की अभिनेत्री अदिति चौहान ने कहा कि फिल्म का विषय अत्यंत रोचक है, जो लोगों को पसंद आयेगा व इस कानून से पड़ने वाले प्रभाव को दिखाया जायेगा। इस फिल्म में वह नेहा की भूमिका में है जो लिव इन रिलेशन में रहती है। फिल्म के खलनायक राम रवि ने कहा कि इस फिल्म में वह लिव इन के लिए यहां की लड़कियों को भ्रमित करने वाला किरदार कर रहे हैं,  फिल्म में मेरा नाम बाबू है। झड़ीपानी टोल में फिल्म के मूहूर्त के साथ ही फिल्म के नायक- नायिका पर सीन फिल्माया गया। फिल्म में उत्तराखण्ड फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ कलाकार राजेश नौगांई, बिनीता नेगी, वसंन्त घिल्डियाल, अदिति चौहान, राम रवि समेत अनेक प्रतिष्ठित कलाकार काम कर रहे हैं। फिल्म सिनेमैटाग्राफी वरिष्ठ कैमरामैन नागेन्द्र प्रसाद कर रहे हैं तथा एसोसिएट्स डायरेक्टर दीपक रावत हैं। फिल्म की शूटिंग देहरादून, मसूरी, टिहरी आदि क्षेत्रों में होगी। मूहूर्त के अवसर पर बिनीता नेगी, अदिति चौहान, विकेश बाबू, राम रवि, नागेन्द्र प्रसाद, दीपक रावत, नितेष भट्ट, रवि राणा, गुड्डी कैंतुरा, कमलेश भण्डारी, जितेन्द्र कैंतुरा समेत अनेक लोग मौजूद रहे।