मसूरी:- पर्यटन नगरी मसूरी के माल रोड का सौदर्यीकरण करने के लिए एमडीडीए ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सात करोड़ रूपये का विकास कार्य करवाया जिसमें पूरी मालरोड को नीचा कर ब्लेक टॉप करवाया व रोड के दोनों ओर व मुख्य चौकों पर पत्थर लगवाये हालांकि कई जगहों पर पत्थर लगाने के एक माह बाद से ही उखड़ने लगे लेकिन सबसे बड़ी समस्या लाइब्रेरी क्षेत्र की है जहां एक वर्ष पूर्व मालरोड का केटिलेवर टूट गया था जो अभी तक नहीं बन पाया है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खडे होने लगे हैं।
मसूरी का माल रोड पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है जिसके सौंदर्यीकरण किए जाने को लेकर सरकार द्वारा 7 करोड रुपए से जयादा खर्च किए गए हैं परंतु माल रोड के निर्माण के दौरान लाइब्रेरी मालरोड के हवाघर के पास 26 अप्रैल 2023 को मालरोड का कैटिलेवर रोड का मलवा ले जाते समय ट्रक के लोड से टूट गया व ट्रक खाई में मसूरी देहरादून मार्ग पर गिर गया। जिसमें एक की मौत भी हो गयी थी लेकिन आश्चर्य की बात है कि रोड बने एक वर्ष हो गया लेकिन उक्त स्थल पर कैंटिलेवर का उपचार नहीं हो पाया जिसके लिए अतिरिक्त बजट भी स्वीकृत किया गया था। जिसके कारण मालरोड संकरा हो गया व एक वर्ष से उक्त स्थल पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है व इससे आस पास के व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जबकि उक्त स्थल पर लोक निर्माण ने गत माह कार्य तो शुरू किया लेकिन लोहे के खंबे गाड़ कर छोड दिया जिससे साफ है कि इस साल के पीक सीजन में भी लोगों को जाम से जूझना पडेगा। जबकि उक्त स्थल पर केवल लगभग दस मीटर कार्य होना है। 10 मीटर की सड़क बनाने को लेकर लोक निर्माण विभाग को 1 साल से भी ज्यादा का समय लग गया है जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार विकास के नाम पर को लेकर बड़ी-बड़ी बातें कर रही है परंतु मसूरी का माल रोड का 10 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क को बनाने में लोक निर्माण विभाग को एक साल से भी ज्यादा समय लग गया है। लेकिन प्रशासन भी इस ओर आंखे मूंदे है। जबकि सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में इस सीजन भी पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पडे़गा व दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पडेगा। मसूरी शहर कांग्रेस के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है मसूरी में मालरोड का 10 मीटर का क्षतिग्रस्त हिस्सा के निर्माण को करने में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एक साल से भी जयादा समय लग गया। उन्होने कहा कि क्षेत्रीय विधायक कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मसूरी के विकास को लेकर बड़ी बड़ी बातें करते हैं किन्तु लाईब्रेरी में इस कार्य ने साबित कर दिया है कि अधिकारियों पर उनकी पकड़ कितनी है।

