मसूरी:- महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर्यटन नगरी मसूरी में धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों व विद्यालयों में प्रात आठ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराये गये व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं गांधी चौक पर सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल ने गांधी व शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी व शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए।
गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मसूरी गर्ल्स की छात्राओं ने गांधी जी का प्रिय राम भजन रघुपति राघव राजा राम व वैष्णव जन तू तेन कहिए जे पीढ़ पराई जाणी रे गाया। वही मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने महात्मा गांधी व शास्त्री को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उत्तराखंड राज्य के लिए आज के दिन मुजफ्फर नगर कांड के आंदोलनकारी शहीदों को भी नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांधी जी ने देश की आजादी के लिए अहिंसात्मक आंदोलन चलाया जो पूरे विश्व के लिए नया था यहीं कारण है कि आज पूरा विश्व उनको मानता है तथा उनके आदर्शों पर चलता है विश्व के करीब दो सौ देशों में गांधी की प्रतिमांए है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री देश के दूसरे प्रधानमंत्री ऐसे समय बने जब देश आर्थिक रूप से कमजोर था वहीं पाकिस्तान ने युद्ध थोप दिया तब उन्होंने जय जवान जय किसान का नारा दिया व पाकिस्तान को मुह की खानी पड़ी वहीं देश में अनाज की कमी पूरी हुई और आज देश विश्व के 80 से अधिक देशों में हथियार व खाद्यान्न निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरूषों का जीवन प्रेरणा का स्रोत होता है, उनसे सीखने को मिलता है। गांधी जी को जब रेल से उतार दिया था तो उन्होंने शपथ ली कि भारत से अंग्रेजों को हटायेंगे व उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन चलाया व देश से अंग्रेजो को बाहर किया। वहीं शास्त्री ऐसे महान नेता थे जिन्होंने जय जवान जय किसान का नारा दिया वहीं उन्होंने रेल मंत्री रहते रेल दुर्घटना पर इस्तीफा दे दिया था आज ऐसे उदाहरण नहीं मिलते। इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रावत ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया व गांधी तथा शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, ओपी उनियाल, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राजेश नैथनी, अरविंद सेमवाल, कुशाल राणा, मीरा सकलानी, अनीता सक्सेना, जयोदा शर्मा, जसबीर कौर, जय प्रकाश राणा, राम प्रसाद कवि, सतीश ढौडियाल, रूबीना अंजुम, विरेंद्र बिष्ट सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद ने स्वच्छता पखवाड़ा के अंतिम दिन स्वच्छता क्रास कंट्री दौड का आयोजन किया जिसके विजेताओं सहित स्वच्छता अभियान पखवाडा, में सहयोग करने वाली संस्थाओं व प्रतिनिधियों को मंत्री गणेश जोशी के हाथों पुरस्कार, स्मृति चिन्ह वितरित किए गये। जिसमें नगर पालिका कार्यालय अधीक्षक चंद्र प्रकाश बडोनी, वीरेंद्र बिष्ट, कीन से अशोक, हिलदारी से दीपक व दौड में प्रतिभाग करने वाले छात्र थे।

