मसूरी:- पर्यटन नगरी की मालरोड के सौदर्यीकरण पर सात करोड रूपये खर्च किए गये लेकिन लोक निर्माण विभाग की लापरवाही व गुणवत्ता विहीन कार्य होने से पहली बरसात भी मालरोड नहीं झेल पायी। एक ओर जहां चौक चौराहों पर लगाये गये काबल्स उखड कर दुर्घटना का कारण बन गये है वहीं कई जगह रोड बैठ गयी है। जिसकी शिकायत भाजपा कार्यकर्ताओं व आम जन ने मंत्री गणेश जोशी से की व उन्हांने स्वयं माल रोड पर क्षतिग्रस्त हो चुकी सडक का निरीक्षण किया।
भाजपा कार्यकर्ताओ व आम जन ने पिक्चर पैलेस चौक पर मंत्री गणेश जोशी से निरीक्षण करवाया व उन्होंने भी देखा कि चौक पर लगे पत्थर उखड गये है जिससे आये दिन दुर्घटना हो रही है। वहीं पिक्चर पैलेस चौक पर एक चैंबर में लोहे की प्लेट लगी है जो अंदर को बैठ गई है व उसके चारो ओर रोड क्षतिग्रस्त हो गई है यहीं नहीं मालरोड पर कई स्थानों पर लोहे की प्लेट लगी होने से आये दिन स्कूटी सवार फिसल कर चोटिल हो रहे है। साथी बरसात में मालरोड पर पानी की सही निकासी न होने से मालरोड तालाब बन जाती है। इस पर मंत्री गणेश जोशी ने एसडीएम डा. दीपक सैनी व अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी को शीघ्र रोड की मरम्मत करने के निर्देश दिए व कहा कि पत्थर इस रोड पर नहीं टिक पा रहे है इसलिए चौक को सीसी किया जाय। वहीं जहां लोहे की प्लेटे लगी है उन्हें हटा कर सीमेंट के ढक्कन चैंबरों पर रखे जायं जिससे किसी को परेशानी न हो। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिकायत कोई भी करे या भाजपा कार्यकर्ता करे उनकी नजरों में वह शहर का नागरिक है उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारा कर्तव्य है। इस पर अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि तीन दिनों में जहां काबल्स उखड गये है सीसी करवा दिया जायेगा व जब मौसम खुलेगा तो पत्थर लगा दिए जाये।

