मजदूर संघ की बैठक में साइकिल रिक्शा को हटा कर उनके स्थान पर ई रिक्शा व शिफन कोर्ट के आवासहिनो की समस्या पर चर्चा की गई।

मसूरी:- मजदूर संघ की  बैठक कार्यालय में संपन्न हुई। जिसमें साइकिल रिक्शा को हटा कर ई रिक्शा में परिवर्तित करने पर विस्तार से चर्चा की गई व इस संबध में जिलाधिकारी सहित प्रदेश के मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया जिससे समस्याओं का समाधान हो सके। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता व कांग्रेस के नेता मनीष गौनियाल मौजूद रहे।
मजदूर संघ कार्यालय में आयोजित बैठक में मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने साइकिल रिक्शा के स्थान पर ई रिक्शा चलाने पर चर्चा की व सर्व सम्माति से निर्णय लिया कि साइकिल रिक्शा के स्थान पर ई रिक्शा लाया जाय। इसके लिए जिलाधिकारी सहित मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने व मुलाकात करने का भी निर्णय लिया गया जिससे ई रिक्शा के संबंध में सरकार की ओर से सहयोग मिल सके। वहीं निर्णय लिया गया कि शिफन कोर्ट से हटाये गये मजदूरों के आवास के लिए हंस फाउंडेशन के माध्यम से आवास बनाये जाने थे जो अभी तक नहीं बने, इस संबध में माता मंगला को भी प्रतिनिधि मंडल मिलेगा व आवास के बारे में वार्ता करेगा वहीं माता मंगला से साइकिल रिक्शा के स्थान पर ई रिक्शा की व्यवस्था करने की भी मांग की जायेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मजदूर संघ का प्रतिनिधि मंडल सामाजिक कार्यकर्ता मनीष गौनियाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी, मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री व माता मंगला से मिलेगा। बैठक में मौजूद मुख्य अतिथि मनीष गौनियाल ने मजदूर संघ के पदाधिकारियों को भरोसा दिया कि वह उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा साथ रहे व आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिफन कोर्ट से बेघर किए गये मजदूरों को चार साल हो गये लेकिन आज तक आवास नहीं दिया गया जबकि उनको हंस फाउंडेशन से आवास बना कर देने का निर्णय लिया गया था व आईडीएच में भूमि का शिलान्यास भी किया गया था लेकिन आज तक उस भूमि पर आवास के नाम पर एक र्भी ईट नहीं लगी। वहीं उन्होंने कहा कि साइकिल रिक्शा के स्थान पर ई रिक्शा का प्रस्ताव बहुत ही अच्छा है इससे मजदूरों को कम श्रम करना पडेगा व अधिक लाभ होगा। इस संबध में जो भी सहयोग होगा किया जायेगा। इस मौके पर मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान, मंत्री संजय टम्टा, उपाध्यक्ष सोबन सिंह पंवार, जगत लाल, संपत लाल, विरेंद्र डु्गरियाल, हरदेव, मिजान, प्रेम लाल, रणवीर आदि मौजूद रहे।