अटल उद्यान जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने से जनता परेशान।

मसूरी:-  सीजन शुरू हो गया है लेकिन लोक निर्माण विभाग अभी तक गहरी नींद में सोया है, लबासना गेट से कंपनी बाग जाने वाला मार्ग विगत छह माह से अधिक समय से करीब पांच सौ मीटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, लेकिन इसको ठीक करना तो दूर पैच वर्क तक नहीं किया गया। जिससे लोगों में आक्रोश बढ रहा है।
पर्यटन नगरी मसूरी में सीजन शुरू हो गया है लेकिन लोक निर्माण विभाग अभी तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पा रहा है। देश के सर्वोच्च संस्थान लबासना गेट से आगे पांच सौ मीटर तक रोड का बुरा हाल है, जगह जगह गढढे होने से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ रहा है। आश्चर्य की बात है कि जहां पर रोड अधिक खराब है ठीक उसके उपर लबासना के निदेशक का आवास है व वह भी रोज इन गढढों से हिचकोले खाते हुए लबासना जाते है। वहीं इस मार्ग पर दो कलवर्ट भी बंद है जिनके कारण बारिश होने पर सारा पानी सड़क पर बहता है व पानी के साथ मलवा आता है जिससे आने जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग पर्यटक स्थल अटल उद्यान जाने का प्रमुख मार्ग है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक जाते है, जिन्हें भी हिचकोले खाते हुए जाना पड़ता है वहीं जो पर्यटक साइकिल रिक्शा से जाते है उन्हें तो और भी अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है व हर समय यहां पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लेकिन लोक निर्माण विभाग रोड की मरम्मत कराने को भी तैयार नहीं है। जबकि यही मार्ग हाथी पांव को जोड़ता है व जब मसूरी में भीड़ बढ जाती है तो हाथी पांव से अटल उद्यान होते हुए पर्यटकों को इसी मार्ग से भेजा जाता है। इस संबंध में पूछने पर अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इस रोड की मरम्मत कर दी गई थी लेकिन बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गयी जिसे टीम भेजकर शीघ्र ठीक करवा दिया जायेगा।