मसूरी:- मजदूर संघ मसूरी ने तीन सूत्रीय मांग को लेकर शहीद स्थल पर अनिश्चित कालीन धरना प्रशासन व पालिका के खिलाफ नारेबाजी के साथ शुरू कर दिया। मजदूर संघ का आरोप है कि तीन सूत्रीय मांगों पर पहले भी आंदोलन किया गया था लेकिन आश्वासन के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया जिस पर पुनः आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ा वहीं चेतावनी दी कि यदि प्रशासन व पालिका के अधिकारियों ने संतोष जनक भरोसा नहीं दिया तो आंदोलन जारी रहेगा।
शहीद स्थल पर मजदूर संघ ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। इस अवसर पर मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने कहा कि 23 जुलाई से 25 जुलाई तक तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया था जिसमें मांग की गई थी कि साइकिल रिक्शा के स्थान पर ई रिक्शा दिया जाय, हाथ रिक्शा उन्मूलन के तहत विस्थापित होने वाले मजदूरों को बेकरी हिल कार पार्किग दी गई थी जो मजदूर संध सचिव के नाम पर दी जाती थी लेकिन गत नगर पालिकाध्यक्ष ने यह पार्किंग अपने चहेतों को दे दी। वहीं तीसरी मांग है कि सिफन कोर्ट के बेघर हुए मजदूरों को आवास उपलब्ध कराये जाय। मजदूर संघ में महामंत्री संजय टम्टा ने कहा कि पूर्व में भी मजदूरों ने धरना दिया तब धरना समाप्त कर नगर पालिका बुलाया गया था व एसडीएम डा. दीपक सैनी ने पालिका के अधिकारियों को मजदूर संघ की मांगों के निस्तारण का निर्देश दिया था लेकिन पालिका के अधिकारियों ने मजदूरों की कोई बात नहीं सुनी व पुनः अनिश्चित कालीन धरना देने को मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस बार जब तक निर्णय नहीं हुआ व ठोस समाधान नहीं हुआ तब तक यह धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहाकि बेकरीहिल पार्किंग मजदूर संघ को दी जाय जिसे विगत दिनों पालिकाध्यक्ष ने अपने चहेतो को दे दी थी जबकि उसमें उन मजदूरों को शामिल किया गया था जो रिक्शा उन्मूलन के तहत विस्थापित हुए थे। वहीं दूसरी प्रमुख मांग है कि साइकिल रिक्शा में पर्यटक बैठने को तैयार नहीं है वह कहता है कि यह मजदूर चलाता है जबकि ई रिक्शा की मांग है वहीं सिफन कोर्ट के मजूदरों को आज तक आवास उपलब्ध नहीं कराये गये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन व पालिका मजूदर संघ की मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं करता तब तक धरना दिया जायेगा। अनिश्चित कालीन धरने पर मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत चौहान, महामंत्री संजय टम्टा, विरेंद्र डुगरियाल, नरेश मल्ल, सोबन सिंह पंवार, हरदेव सिंह, मुलायम सिंह, जैपाल पंवार, विजय बिंदवाल, रणवीर सिंह, राम किशन राही सहित मजदूर मौजूद रहे।

