पालिकाध्यक्ष ने आगामी पर्यटन सीजन में व्यवस्थाएं सुधारने हेतु बैठक ली।

मसूरी:- पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने मसूरी में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए  सूचारू व्यवस्था बनाने के मकसद से पालिका सभासदों, शहर के चिंतनशील नागरिकों, होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ, मजदूर संघ, टैक्सी एसोसिएशन सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की ‌। जिसमें अनेक सुझाव आये , जिस पर जिला प्रशासन, व संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुझाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए बैठक की जायेगी ताकि सीजन में होने वाली परेशानियों से बचा जा सके व पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पडे़।
पालिका सभागार में आयोजित बैठक में अनेक सुझाव आये व कुछ सुझावों पर गतिरोध भी पैदा हुआ लेकिन सभी की मंशा थी कि शहर की व्यवस्थाओं में सीजन को देखते हुए सुधार होना चाहिए। बैठक की जानकारी देते हुए पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से बैठक में कई सुझाव आये जिसमें पार्किंग, सफाई पर चर्चा की गई व इन सुझावों को अमली जामा पहनाने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के साथ बैठक की जायेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से होटल महत्वपूर्ण है व उनकी एसोसिएशन मसूरी का महत्वपूर्ण अंग है लेकिन साथ ही यह भी देखा गया है कि अधिकतर होटलों के पास पार्किंग नहीं है ऐसे होटलों को चिन्हित किया जायेगा जिनके पास होटल मानक के अनुसार पार्किंग  नहीं है ।इस पर सख्ती की जायेगी व जितनी पार्किग होगी उसी हिसाब से होटल में वाहनों को जाने की अनुमति दी जएगीय क्योंकि यही जाम का प्रमुख कारण होता है। उन्होंने कहा कि मालरोड पर जब गोल्फकार्ट चलाने की बात की थी तो तय हुआ था कि दो गोल्फकार्ट ही झूलाघर से पिक्चर पैलेस तक चलेगी व शाम पांच बजे के बाद नहीं चलेगी। वहीं कहा कि सभी का अपना रोजगार है, उनको भी देखना होगा व्यापारियों का रोजगार है तो रिक्शा श्रमिकों, पटरी वालों का भी रोजगार है ऐसे में कहीं न कहीं सामांजस्य बिठाना होगा  लेकिन उसमें किसी को परेशानी न हो इसको भी देखा जायेगा। व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने बैठक में लंढौर में लगने वाले जाम की समस्या को रखा व वन वे शुरू करने की मांग की है ताकि लंढौर वालों को जाम का सामना न करना पड़े, वहीं कहा कि टाउन हाल पार्किंग को खोला जाना चाहिए, वहीं झूला घर से पिक्चर पैलेस गोल्फ कार्ट चलाने का विरोध किया व कहा कि इन्हें अन्य रूटों पर चलाया जाय। सभासद गीता कुमांई ने सुझाव दिया कि झूलाघर से देहरादून जाने वाले पर्यटकों को पिक्चर पैलेस की ओर से भेजा जाय ताकि गांधी चौक पर जाम की समस्या कम हो सके, वहीं कैमल बैक को वन वे किया जाय, वहीं उन्होंने गर्ग डिस्पेंसरी के स्थान पर कुछ न बनाये जाने का विरोध किया व कहा कि वहां पर पालिका को डिस्पेसरी बनानी चाहिए, सभासद पवन थलवाल ने कहा कि कोल्हू खेत में पर्यटकों को वैलकम ब्रोसर दिया जाय जिसमें शहर की सभी जानकारी हो ताकि पर्यटक परेशान न हो, वहीं मालरोड पर कैमरे लगाये जाये, वहीं उन्होंने शहर से अतिक्रमण हटाने का समर्थन किया। अनिल गोदियाल ने सुझाव दिया कि पर्यटकों के आने से रोजगार मिलता है लेकिन स्थानीय लोगों की परेशानियों को भी देखना चाहिए, होटल वाले कमरे न बढाये बल्कि पार्किंग बनाये, किसी की रोजी रोटी पर आंच नहीं आनी चाहिए। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह, अधिशासी अधिकारी रजनीश डोबरियाल, नायबतहसील दार कमल राठौर, पालिका सभासद गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, बबीता मल्ल, विशाल खरोला, रूचिता गुप्ता, अमित भटट, गीता कुमाई, पवन थलवाल, रणवीर कंडारी जसबीर कौर, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा, भाजपा मंहामंत्री कुशाल राणा, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पालिका अधिशासी अधिकारी ने बैठक में अवगत कराया कि शीघ्र ही जिला प्रशासन के निेर्देश पर मालरोड पर अतिक्रमण हटाया जायेगा, जिस पर व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहाकि अतिक्रमण पूर्व में हटाया गया है, लेकिन अगर कोई दुुकानदार सामान दुकान के बाहर रखता है व शाम को वापस उठा लेता है तो यह अतिक्रमण में नहीं आना चाहिए।