मालरोड से पटरी हटाने पर लाइब्रेरी के व्यवसायियों ने पालिकाध्यक्ष को धन्यवाद पत्र दिया।

मसूरी:- पटरी हटा कर मालरोड की गरिमा को वापस लाने के लिए लाइब्रेरी व  मालरोड  के कुछ व्यवसायियों ने पालिकाध्यक्ष को उनके कार्यालय में जाकर धन्यवाद पत्र दिया व भविष्य में मालरोड की सुंदरता को बनाये रखने की मांग की।
लाइब्रेरी क्षेत्र के व्यवसायियों ने नगर पालिका जाकर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी को मालरोड से पटरी व्यवसाईयों को हटा कर मालरोड की सुंदरता को वापस लौटाने के लिए धन्यवाद पत्र दिया। पत्र में कहा गया कि मालरोड पर अतिक्रमण के चलते पिछले कुछ वर्षों से मालरोड को अडा व भुटटा बाजार बना दिया गया था व लोग इसे इसी नाम से पुकार रहे थे। जिसके कारण स्थानीय व्यवसायी अत्यंत दुखी थे वहीं उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। लगातार बढ रही पटरी से पर्यटक सहित स्थानीय नागरिक भी परेशान थे। वहीं व्यापार प्रभावित होने पर कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान किराये पर देना शुरू कर दिये थे। पत्र में नगर पालिकाध्यक्ष व सभी सभासदों के प्रयास से मालरोड को अतिक्रमण मुक्त करने के साहसिक कदम के लिए व्यापारी दिल से धन्यवाद करते है व स्वागत कर आभार व्यक्त करते हैं। वहीं आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी मालरोड सहित मसूरी की पुरानी गरिमा को लौटाने का प्रयास किया जायेगा जिसमें सभी व्यवसायी पूरा सहयोग करेंगे। हालांकि मालरोड पर कई प्रतिष्ठान ऐसे भी है जो भारी अतिक्रमण की जद में हैं, क्या इनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी?।पत्र देने वालों में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष आरएन माथुर, रजत कपूर, रोटरी अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, राजकुमार कन्नौजिया, आशीष गोयल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।