मसूरी। मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के त्रिवार्षिक चुनाव के लिए दो पक्षों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन किया। चुनाव पांच पदों पर होना है जिसमें दो पक्ष आमने सामने है, चुनाव का मतदान आगामी 27 मार्च को राधाकृष्ण मंदिर सभागार में प्रातः 9 बजे से अपराहन 3 बजे तक होगा व उसी दिन परिणाम घोषित किए जायेंगे।

मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव के तहत नामांकन की अंतिम तिथि को दो पक्षों ने अपने अपने पैनल के साथ नामांकन किया। पहले पक्ष ने दोपहर एक बजे ढोल ढमाकें के साथ नामांकन किया जिसमें अध्यक्ष पद प्रत्याशी सुनील सोनकर ने अपने पैनल के साथ नामांकन किया, जिसमें महामंत्री पद पर सुरेश गोयल, उपाध्यक्ष पद पर शानू वर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर देवेंद्र बिष्ट व सहसचिव पद पर अंजुम ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन किया। इस मौके पर सुनील सोनकर ने व्यापारियों के मुददों को प्रमुखता से उठाया जिसमें गैस की किल्लत, वैलीब्रिज की समस्या सहित व्यापारियों की सुरक्षा की बात की। वहीं वतर्मान ट्रेडर्स अध्यक्ष व अध्यक्ष पद प्रत्याशी रजत अग्रवाल ने अपराहन चार बजे अपने समर्थकों के साथ पूरे पैनल का नामांकन किया । जिसमें महामंत्री पद पर जगजीत कुकरेजा, उपाध्यक्ष पद पर अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पद पर नागेंद्र उनियाल व सह सचिव पद पर सलीम अली ने नामांकन किया। इस मौके पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रजत अग्रवाल ने कहा कि वह 17 साल ने व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करते रहे है। उनका उददेश्य हर व्यापारी का हित है, विभाग परेशान न करें, छोटे व्यापारियों के हितों को सुरक्षति रखा जाय, किसी का शोषण व उत्पीडन न हो व व्यापारी आगे बढे तथा शहर की अर्थव्यवस्था में सुधार लाये। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के मंडल अध्यक्ष है लेकिन पूर्व में वह कांग्रेस में रहे तब भी व अब भी उन्होंने कभी व्यापार संघ में कोई भेद नहीं किया, जबकि सुनील सोनकर भी भाजपा के कार्यकर्ता है, संघ का राजनीतिकरण नहीं करने दिया जायेगा।

