मसूरी:- नगर पालिका परिषद मसूरी, परिवहन विभाग और मसूरी पुलिस ने अतिक्रमण को लेकर संयुक्त अभियान चलाया जिसमें नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान किए गए और माल रोड में घूम रही टैक्सी स्कूटियों को सीज करने के साथ ही अवैध रूप से माल रोड पर पटरी लगाने वालें अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया।
इन दिनों पर्यटन नगरी मसूरी में पर्यटक सीजन चरम पर है लेकिन नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है जिसको देखते हुए परिवहन विभाग व नगर पालिका ने संयुक्त रूप से कार्यवाही की व टैक्सी स्कूटियों को सीज किया व अवैध रूप से पटरी लगाने वालों का सामान उठाया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश के बाद नगर पालिका, परिवहन विभाग और मसूरी पुलिस ने मालरोड पर अतिक्रमण कर पटरी लगाने वालों और अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की। उन्होंने कहा कि माल रोड में सीजन के समय बाहर से आकर लोग अवैध रूप से व्यापार करते हैं जिससे माल रोड की छवि धूमिल हो रही है। ऐसे में अवैध रूप से पटरी लगाने वालों का सामान अभियान चलाकर जब्त किया गया व चालान की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि गत सप्ताह भी पालिका ने अभियान चलाकर अवैघ पटरी लगाने वालों का सामान जब्त किया था व चालान किया गया था तथा आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। इस मौके पर एआरटीओ राजेंद्र विटारिया ने बताया कि संयुक्त अभियान में बिना पार्किग के रोड किनारे खड़ी 13 टैक्सी स्कूटियों को सीज किया गया है और स्कूटी संचालकों को हिदायत दी गई है कि निर्धारित पार्किंग में ही अपने स्कूटियों को पार्क करें अन्यथा उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होने कहा कि पूर्व में भी स्कूटियों के मानक पूरे न होने पर नोटिस देकर जवाब मांगा गया था जिन्होंन संतोष जनक जवाब नहीं दिया उनकी स्कूटियों के लाइसेंस निरस्त किए जायेगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

