मसूरी:- मसूरी के निकटवर्ती जौनपुर ब्लाक मुख्यालय थाना कार्यालय परिसर में थाना अध्यक्ष अमित शर्मा की अध्यक्षता में आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन व क्षेत्रिय जनप्रतिनिधियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी में सर्वप्रथम बाजार की ट्रैफिक व जाम की समस्या का निराकरण करने के लिए निर्णय लिया गया कि मुख्य बाजार क्षेत्र में टैक्सी मैक्सी के लिए 3 प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं जिसमें ढाणा रोड पर नैनबाग क्षेत्र की गाड़ियां पार्क होगी और मुख्य बाजार से क्यारी, ख्यासी, ललोटना ,टिकरी, बंगार व डिगोन मुंगलोडी की गाड़ियों का प्वाइंट निर्धारित किया गया। इसके साथ ही पुल पार मार्केट से तेवा बंगशील, मोलधार गांव क्षेत्र की गाड़ियों का प्वाइंट निर्धारित किया गया। इस अवसर पर थाना अध्यक्ष अमित शर्मा ने आगामी दीपावली त्यौहार को देखते हुए पटाखा व्यापारियों को दिशा निर्देश देते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने के निर्देश दिए और सर्राफा व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के दिशा निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोला सिंह परमार व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पवार, महामंत्री विक्रम सिंह चौहान, रमेश रावत, कुलबीर रावत, सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद सिंह नेगी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जगत सिंह असवाल, अनीश कुमार, हरीभजन सिंह पवार आदि लोग उपस्थित रहे।

