मसूरी:- कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मीडिया प्रभारी पंचायत चुनाव गढवाल गिरिराज किशोर हिंदवाल ने कहा कि धराली की आपदा ने प्रदेश की भाजपा सरकार के राहत व बचाव कार्य की पोल खोल कर रख दी। आपदा की इस घड़ी में जंहा प्रदेश की कैबिनेट को वहां होना चाहिए था, केवल मुख्यमंत्री वहां पहुंचे, टिहरी सांसद पांच दिन तक भी नहीं पहुंची। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष 70 किमी पैदल चल कर ग्राउंड जीरों पर गये व वापसी में अपने साथ 45 फंसे लोगों को लेकर भी आये।
मसूरी में एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाल ने कहा कि धराली के प्रति सरकार का रवैया ठीक नहीं है जो ग्रामीण फंसे है उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लगातार सरकार को जगाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदा में सरकार को टीम वर्क के साथ कार्य करना चाहिए था, लेकिन पर्यटन मंत्री सहित कोई मंत्री मौके पर नहीं पहुंचे। पीड़ितों को राशन तक नहीं मिल रहा व सरकार पांच हजार का चैक लेकर उनका मजाक बना रही है। उन्होंने सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के कार्य की सराहना की व कहा कि उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जितनी सहराहना की जाये कम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को मौके पर जाने से रोकने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कहा कि मुझे आपदा ग्रस्त क्षेत्र में पहुंचना है उन्होंने जनमानस की पीडा को समझा। भाजपा के नेता वहां जाकर फोटो सूट करा कर वापस आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद महारानी विजय राज्य लक्ष्मी शाह पांच दिनों तक मौके पर नहीं पहुंची व जो गांव उन्होंने गोद लिया था उन्होंने उनका विरोध किया। वहीं उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा व कहा कि चुनाव आयोग सरकार की कट पुतली व एजेंट बन कर कार्य कर रही है। यहीं हाल उत्तराखंड चुनाव आयोग का है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस में सारी जानकारी दी व बताया कि एक कमरे मेे अस्सी वोट है, इतना बडा खेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाक के नीचे हो रहा है चुनाव आयोग इसमें शामिल है। और अब गिरफ्तारी की बात की जा रही है जो तानाशाही रवैया का प्रतीक है। देश में जंगल राज चल रहा है। प्रदेश में पंचायत चुनावों में भी यहीं खेल हुआ व दोहरे मतदाता होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गयी। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, अमित राठौर, महिमानंद आदि मौजूद रहे।

