मसूरी :- पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सर जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया इस दौरान सतपाल महाराज ने आल टरेन व्हेकल का भी निरीक्षण किया। सर जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही के लिए इसका उपयोग किया जाना है ताकि यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वही यहां से संचालित की जाने वाली हेली सेवा को लेकर भी पर्यटक और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसको लेकर आज सतपाल महाराज द्वारा हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि भारत का पहला कार्टोग्राफिक म्यूजियम यहां पर खोला गया है, जिसमें किस प्रकार से राधानाथ श्रीधर द्वारा जॉर्ज एवरेस्ट को नापा गया की जानकारी आम लोगों को मिल पाएगी। साथ ही युवा पीढ़ी भी जान पाएगी कि हमारे पूर्वजों द्वारा कैसे जॉर्ज एवरेस्ट को नापा गया । उन्होंने कहा कि यहां से हेली पुनः शुरू की जा रही है ,काफी सस्ते दरों पर लोगों को ये सुविधा दी जा रही है । उन्होंने कहा कि हेली सेवा और यहां से दी जा रही सुविधाएं पर्यटन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगीं।
इस अवसर पर हेली सेवा के संचालक मनीष सैनी ने कहा कि यहां पर लगभग 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जा रहा है, साथ ही हेली सेवा से हिमालय दर्शन करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी बादलों के कारण हेली सेवा शुरू नहीं हो पाई है लेकिन आने वाले समय में हेली सेवा से लोगों को हिमालय दर्शन करवाया जाएगा और यह क्षेत्र विश्व पर्यटन मानचित्र पर अंकित होगा। इस अवसर पर केशव चंद्र सहित भारी संख्या में पर्यटक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

