मसूरी:-: महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यांमदिर इंटर कालेज में प्रकाश पर्व दीपावली पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. मनोज रयाल, एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्चन कर तथा छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. मनोज रयाल ने अपने संबोधन में कहा कि पांच दिवसीय दीपावली का यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर व अज्ञानता से ज्ञान की ओर बढने की प्रेरणा देता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। यह पर्व हमें संदेश देता है कि जैसे भगवान राम ने रावण पर विजय प्राप्त की उसी तरह हमें सिखाता है कि हमें अपने भीतर की बुराइयों जैसे अंधकार, लालच, घृणा को समाप्त करके सदभाव और सकारात्मकता का दीपक अपने मन मस्तिष्क में जलाना चाहिए। साथ ही आत्म निरीक्षण और आत्मशुद्धि, कृतज्ञता और उदारता, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और आंतरिक प्रकाश को जगाना होगा। यही इस पर्व की सार्थकता है। इस मौके पर विद्यालय में कक्षा छहसे आठ तक की छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर सबका ध्यान आकृष्ट किया। वहीं प्रबंध समिति ने पूरे विद्यालय परिवार को दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख आचार्य राकेश भटट ने दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला वहीं छात्र छात्राओं ने भी दीपावली पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य, आचार्या एवं छात्र छात्राएं मौजूद रही।

