सीजन से पहले ही शौचालयों पर पानी की कमी के कारण पड़ने लगे हैं ताले।

मसूरी:- पहाड़ों की रानी मसूरी सीजन के लिए तैयार हो चुकी है, लेकिन सरकारी विभाग अभी भी लापरवाहीे बरत रहे हैं। जिसमें शाैंचालयों की दुर्दशा प्रमुख है। शहर के अधिकांश शौचालयों में न पानी है और न ही साफ सफाई की जाती है।
जिस कारण पर्यटकों को भारी परेशानी होती है। विशेषकर महिला पर्यटकों को परेशान होना पड़ता है। पिक्चर पैलेस से नगर पालिका जाने वाले मार्ग पर नगर पालिका के शौचालय में गंदगी व पानी न होने से पर्यटकों सहित स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिस पर एमडीडीए के माध्यम से शौचालय का नवीनीकरण कराया गया व इसे हाईटेक बनाया गयालेकिन अब विगत एक सप्ताह सें शौचालय में पानी नहीं आ रहा जिसके कारण शौचालय को बंद कर दिया गया। जिससे आम लोगों सहित पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि आस पास अन्य कोई दूसरा शौचालय भी नहीं है। यहीं हाल शहर के अन्य शौचालयों का भी है। इस संबध में जल संस्थान के अवर अभियंता दीपक शर्मा ने बताया कि शौचालय में पानी आ रहा था लेकिन किसी ने लाइन के साथ छेड़छाड़ की होगी इस पर जल संस्थान के कर्मी मौके पर जाकर लाइन को चैक करेगे व शौचालय को पानी उपलब्ध कराया जायेगा।