तंबाकू उत्पाद अधिनियम व्यापारी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

मसूरी:- मुख्य चिकित्साधिकारी देहरादून व मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2023 के तहत व्यापारी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें व्यापारियों को तंबाकू अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई।
तंबाकू अधिनियम जागरूकता शिविर में जिला सलाहकार स्वास्थ्य विभाग अर्चना उनियाल ने बताया कि मसूरी स्मोक फ्री सिटी है ऐसे में खुले में सिगरेट या तंबाकू सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने बताया कि खुले में धुम्रपान करना अपराध है उनका चालान किया जायेगा जिसके लिए विभाग व पुलिस को अधिकार है, जो दुकानदार सिगरेट बेचता है व उसे जलाने के लिए लाइटर देता है ऐसे में जो सिगरेट पीने वाला है उससे कई गुना चालान दुकानदार का होगा, उन्होंने बताया कि जो भी तंबाकू उत्पाद बेचते है उनकी दुकान में चेतावनी वाला बोर्ड लगाना अनिवार्य है। अगर नहीं लगाया तो चालान किया जायेगा, कोई भी दुकानदार तंबाकू उत्पादों का विज्ञापन नहीं कर सकता उसके लिए सीधे कोर्ट केस का प्रावधान है। वहीं बिना चेवावनी वाली सिगरेट बेचने पर भी कोर्ट का प्राविधान है वहीं विदेशी सिगरेट प्रतिबंधित है उसे बेचना भी अपराध है। तंबाकू उत्पादों की दुकान किसी भी स्कूल से 100 गज की दूरी पर होनी चाहिए वहीं सिगरेट का डिसप्ले नहीं किया जा सकता, केवल दुकानदार यह लिख सकता है कि यहां सिगरेट व तंबाकू उपलब्ध है। ई सिगरेट व हुक्का को बेचना व पीना अपराध है। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि हर वर्ष सीएमओ देहरादून की ओर से तंबाकू के प्रति आम जनता व व्यापारियों को जागरूक करने के लिए विभाग की टीम आती है व चालान करती है। इससे व्यापारियों को समझना होगा वहीं हर वह दुकानदार जो तंबाकू के उत्पाद बेचता है उनकी दुकान पर चेतावनी वाला बोर्ड लगाना अनिवार्य है। पहले के बोर्ड खराब होने पर नये बोर्ड व्यापार संघ की ओर से उपलब्ध कराये गये है। कार्यक्रम में चेतावनी वाले बोर्ड को लांच किया गया। इस मौके पर व्यापार संघ के महामंत्री जगजीत कुकरेजा, मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डा. अनुराधा, सामाजिक कार्यकर्ता रेखा उनियाल, डीईओ अनुराग उनियाल, डिविजनल कोआर्डिनेटर बालाजी सेवा संस्थान अजीत सिंह जस्सर, धनप्रकाश अग्रवाल, सलीम अहमद, चिरजीव जोशी, गुड मोहन राणा, उज्जवल नेगी, राजेश शर्मा, सहित व्यापारी मौजूद रहे।