मसूरी:- हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और लेखक पद्मश्री टॉम आल्टर को शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में शहीद स्थल झूलाघर पर दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिने अभिनेता टॉम आल्टर के जन्म दिन पर उन्हें शहीद स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके हिंदी सिनेमा व मसूरी के लिए किए गये योगदान को याद किया। इस मौके पर वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि मसूरी के महापुरुषों का एक संग्रहालय बनाया जाए जहां पर उनकी जीवनी को संरक्षित कर उनके द्वारा किए गए कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाया जाए। मसूरी में रस्किन बॉन्ड, मुनेश्वर पांडे, नंदकिशोर बंबू विक्टर बनर्जी, जैसे कई महान शख्सियत रहते हैं जिन्हें यहां से बहुत प्रेम है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि टॉम आल्टर ने मसूरी का नाम देश-विदेश में रोशन किया है और अपने अभिनय के दम पर बॉलीवुड में एक अमित छाप छोड़ी है मसूरी से उनका गहरा नाता रहा है और उनकी शिक्षा दीक्षा भी यही हुई है लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि आज हम अपने महापुरुषों को भूलते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी के ऐतिहासिक घंटाघर को तोड़े जाने के बाद वह मसूरी आये व उन्होंने घंटाघर पर विरोध स्वरूप एक दिन का मौन व्रत रखा था जो उनका मसूरी के प्रति प्रेम का प्रमाण था। जब भी वे मसूरी आते तोे यहाँ होने वाले सभी कार्यक्रमों में आम नागरिक की तरह शामिल होते व पूरे दिल से प्रतिभाग करते चाहे वह खेलों की प्रतियोगिता हो, दौड की प्रतियोगिता हो या ऑटम हो या विंटर लाइन कार्निवाल हो। वह एक सफल अभिनेता के साथ ही किक्रेट, फुुटबाल, हॉकी के खिलाडी होने के साथ ही लेखक व पत्रकार भी रहे, वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे तथा हिंदी अंग्रेजी के अलावा उर्दू व गढवाली पर भी उनकी खासी पकड़ थी। इस मौके पर महिमानंद, केपी नौटियाल, रफीक अहमद, पूर्व सभासद दर्शन रावत, मनोज गौड, तेज पाल सिंह रौथाण आदि मौजूद रहे।

